Published: Friday, September 11, 2026, 19:29 [IST]
1980s AI Trend: अगर आप सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं, तो आपने लोगों को 1980 के दशक के स्टाइल वाली विंटेज फोटोज शेयर करते जरूर देखा होगा। हेयरस्टाइल से लेकर कपड़े और पुराने कैमरे वाले कलर टेक्सचर तक, हर कोई ChatGPT के नए 1980s AI फोटो ट्रेंड के खुमार में डूबा हुआ है। लेकिन जैसे-जैसे यह क्रेज वायरल हो रहा है, एक पुराना और गंभीर सवाल फिर सामने आ खड़ा हुआ है। क्या चैटबॉट पर अपना असली चेहरा और पर्सनल तस्वीर अपलोड करना पूरी तरह सुरक्षित है?
इस सवाल का जवाब सिर्फ हां या ना में नहीं है। फोटो अपलोड करते समय यह समझना जरूरी है कि आप AI को सिर्फ एक तस्वीर नहीं दे रहे हैं। उस तस्वीर में चेहरा, आसपास की जगह, दूसरे लोग और कई बार निजी जानकारी भी दिखाई दे सकती है।
1980s AI Photo Trend आखिर इतना वायरल क्यों हुआ?
AI इमेज जनरेशन ने फोटो एडिटिंग को बेहद आसान बना दिया है। अब किसी फोटो को पुराने दौर का लुक देने के लिए अलग सॉफ्टवेयर सीखने की जरूरत नहीं पड़ती। बस फोटो अपलोड कीजिए और बताइए कि उसे किस तरह बदलना है।
इसी वजह से 1980s वाला ट्रेंड तेजी से लोगों तक पहुंचा। कोई पुरानी बॉलीवुड मैगजीन जैसा लुक बना रहा है, तो कोई अपनी तस्वीर में रेट्रो हेयरस्टाइल और पुराने कैमरे जैसा रंग चाहता है। दिक्कत यह नहीं कि AI आपकी फोटो को नया लुक दे रहा है। सवाल यह है कि उस फोटो को AI सेवा के साथ शेयर करने के बाद डेटा के स्तर पर क्या होता है।
यह पहली बार नहीं है जब AI फोटो ट्रेंड के साथ निजता का सवाल उठा है। इससे पहले ChatGPT का Ghibli-style image trend और AI caricature trend भी तेजी से वायरल हुए थे। उन ट्रेंड्स के दौरान साइबर सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी से जुड़े जानकारों ने लोगों को सावधान किया था। डर यह था कि लोग ट्रेंड में शामिल होने की जल्दी में यह सोचना भूल सकते हैं कि अपनी फोटो और दूसरी निजी जानकारी किसी AI प्लेटफॉर्म को देने के बाद उसका इस्तेमाल किस तरह हो सकता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इससे पहले भी गिबली (Ghibli-style) और कैरिकेचर (Caricature) जैसे AI फोटो ट्रेंड्स ने इंटरनेट पर तहलका मचाया था। तब भी साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने आगाह किया था कि लोग बिना सोचे-समझे अपनी पर्सनल जानकारी AI प्लेटफॉर्म्स को सौंप रहे हैं।
जब भी कोई नया AI ट्रेंड आता है, लोग उसके साथ बह जाते हैं। वे यह सोचना भूल जाते हैं कि इसके पीछे का सच क्या हो सकता है। साइबर सुरक्षा कंपनी ESET के ग्लोबल साइबर सिक्योरिटी एडवाइजर जेक मूर (Jake Moore) ने फरवरी 2026 में कहा था कि ऐसे ट्रेंड आते ही लोग अक्सर बिना ज्यादा सोचे उसमें शामिल हो जाते हैं।
जेक मूर ने कहा था,
"जब आप अपनी फोटोज और निजी जानकारियां चैटजीपीटी जैसे प्लेटफॉर्म पर अपलोड करते हैं, तो वह इसे कलेक्ट करके गहराई से स्कैन करता है। यह पूरा डेटा एआई मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए स्टोर कर लिया जाता है, जिसके लंबे समय में इस्तेमाल को लेकर कोई साफ गाइडलाइंस नहीं हैं।"
फोटो को बेहतर बनाने के चक्कर में ज्यादा डेटा न दे दें
AI से मनचाहा रिजल्ट नहीं आया तो यूजर अक्सर और जानकारी देने लगता है। चेहरा ठीक नहीं दिखा तो दूसरी फोटो। कपड़े सही नहीं आए तो नया निर्देश। बैकग्राउंड पसंद नहीं आया तो पूरी लोकेशन या माहौल की जानकारी।
सिक्योरिटी फर्म Cytidel के सीईओ और सह-संस्थापक मैट कॉनलोन (Matt Conlon) बताते हैं, "जब मनमुताबिक इमेज नहीं बनती, तो लोग और ज्यादा डिटेल या टेक्स्ट देकर फोटो को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं। इस तरह वे जाने-अनजाने में एक एआई सिस्टम को अपनी बेहद संवेदनशील जानकारी से ट्रेन कर रहे होते हैं।"
मैट कॉनलोन आगे चेतावनी देते हैं,
"यह खेल-खेल में किया गया काम लग सकता है, लेकिन भविष्य में इससे आपकी पहचान चोरी (Identity Theft) होने का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। एक बार फोटो अपलोड हो गई, तो इसे पूरी तरह मिटाने या कंट्रोल करने की कोई गारंटी नहीं बचती।"
प्राइवेसी की आदत बिगड़ने का बड़ा खतरा
कंसल्टेंसी फर्म Bridewell के डेटा प्राइवेसी एसोसिएट डायरेक्टर क्रिस लिनेल (Chris Linnell) का मानना है कि ऐसे ट्रेंड्स की वजह से पर्सनल डेटा शेयर करना एक सामान्य बात बनती जा रही है।
क्रिस लिनेल कहते हैं,
"बिना यह सोचे कि डेटा का क्या होगा, एआई टूल्स के साथ अपनी तस्वीरें और निजी डिटेल्स शेयर करने की आदत नॉर्मलाइज हो रही है। AI चैटबॉट अपने मन से इंटरनेट खंगालकर आपकी जानकारी नहीं जुटाता, बल्कि यह वही सब दिखाता है जो यूजर खुद उसे फीड करते हैं।"
इसके अलावा वे एक और बड़े खतरे की तरफ इशारा करते हैं। जब आप AI से बनी वो तस्वीर इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) या फेसबुक पर पोस्ट करते हैं, तो कोई भी आपकी फोटो को वहां से कॉपी, स्क्रैप या री-पोस्ट कर सकता है। यानी प्राइवेसी का खतरा सिर्फ चैटबॉट तक ही सीमित नहीं रहता।
Ghibli Trend में भी उठे थे डेटा को लेकर सवाल
Ghibli-style तस्वीरों वाले ट्रेंड के दौरान भी OpenAI के चैटबॉट पर निजी फोटो अपलोड करने को लेकर बहस हुई थी। AI, टेक और प्राइवेसी एकेडमी की सह-संस्थापक लुइजा जारोव्स्की ने तब यूजर द्वारा खुद अपलोड किए गए डेटा और इंटरनेट से स्क्रैप किए गए डेटा के बीच फर्क पर बात की थी।
उन्होंने OpenAI की प्राइवेसी पॉलिसी का हवाला देते हुए कहा था कि यूजर की ओर से दी गई निजी जानकारी कंपनी के डेटा कलेक्शन और मॉडल ट्रेनिंग से जुड़े नियमों के दायरे में आ सकती है, खासकर तब जब यूजर ने इसके लिए उपलब्ध विकल्पों के तहत आपत्ति दर्ज नहीं की हो।
उनका तर्क था कि AI ट्रेंड की वजह से लोग अब अपनी निजी तस्वीरें सीधे AI टूल को देने लगे हैं। पहले जिस तरह की तस्वीरों के लिए थर्ड-पार्टी ऐप का सहारा लिया जाता था, अब वही काम सीधे चैटबॉट में किया जा रहा है। उन्होंने कहा था,
"ओपनएआई की प्राइवेसी पॉलिसी में साफ लिखा है कि अगर यूजर ने ऑप्ट-आउट (Opt-Out) नहीं किया है, तो कंपनी अपने एआई मॉडल को ट्रेन करने के लिए यूजर डेटा का इस्तेमाल करती है। इन ट्रेंड्स के बहाने कंपनी को ऐसे पर्सनल फोटोज का एक्सेस मिल जाता है, जो शायद इंटरनेट पर कभी मौजूद ही नहीं होते।"
खुद ChatGPT का क्या कहना है? फोटो डालते समय खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
जब सीधे ChatGPT से पूछा गया कि क्या 1980s स्टाइल की फोटो बनाने के लिए अपनी पर्सनल तस्वीर अपलोड करना सुरक्षित है, तो उसने इसे सामान्य तो बताया लेकिन कुछ हिदायतें भी दीं।
- चैटजीपीटी का जवाब था, "हाँ - आमतौर पर ChatGPT पर 1980s स्टाइल की इमेज बनाने के लिए पर्सनल फोटो अपलोड करना ठीक है, लेकिन प्राइवेसी का ध्यान रखना जरूरी है।
- केवल वही फोटो अपलोड करें जिसे आप शेयर करने में कंफर्टेबल हों। आपका चेहरा पर्सनल डेटा होता है, इसलिए इसे आम स्टॉक इमेज की तरह न समझें।
- दूसरों की फोटो तब तक अपलोड न करें जब तक कि उनकी इजाजत न हो।
- फोटो के बैकग्राउंड में एड्रेस, आईडी प्रूफ, डॉक्यूमेंट्स या बच्चों के स्कूल जैसी कोई संवेदनशील जानकारी नहीं होनी चाहिए।
- अगर फोटो बहुत ज्यादा प्राइवेट है, तो क्लाउड प्रोसेसिंग के बजाय ऑफलाइन एडिटिंग टूल का इस्तेमाल करें।
- पूरी फोटो के बजाय सिर्फ क्रॉप किया हुआ चेहरा ही अपलोड करें।"
तो क्या 1980s AI Photo Trend से दूर रहना चाहिए?
जरूरी नहीं। असली बात ट्रेंड छोड़ने की नहीं, सोच-समझकर फोटो चुनने की है। AI से रेट्रो फोटो बनाना मजेदार हो सकता है। लेकिन किसी भी वायरल ट्रेंड में शामिल होने से पहले यह देखना चाहिए कि आप क्या अपलोड कर रहे हैं, तस्वीर में और कौन सी जानकारी दिखाई दे रही है और उसे बाद में कहां शेयर करेंगे।
सबसे आसान नियम यही है। AI को वही फोटो दें जिसे आप निजी रखने के बजाय डिजिटल सेवा के साथ शेयर करने के लिए तैयार हैं। 1980s का लुक कुछ सेकंड में बनाया जा सकता है। लेकिन अपनी डिजिटल पहचान और निजी तस्वीर पर नियंत्रण वापस पाना उतना आसान नहीं हो सकता।