Molbio Diagnostics Share Price: शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुई मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स (Molbio Diagnostics) ने अपने निवेशकों को बेहद कम समय में शानदार रिटर्न दिया है। 10 सितंबर 2026 (गुरुवार) को कंपनी के शेयरों में 20% का अपर सर्किट लगा और स्टॉक ₹1,509.40 के स्तर पर पहुंच गया। IPO के दौरान जिन निवेशकों को कंपनी के शेयर ₹807 के इश्यू प्राइस पर मिले थे, उनके लिए यह तेजी खास तौर पर महत्वपूर्ण है। मौजूदा भाव पर शेयर IPO कीमत से करीब 87% ऊपर पहुंच चुका है, यानी लिस्टिंग के सिर्फ 19 कारोबारी सत्रों में निवेशकों का पैसा दोगुना होने के काफी करीब आ गया है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
₹980 पर लिस्ट हुए कंपनी के शेयर
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स (Molbio Diagnostics) ने शेयर बाजार में 17 अगस्त को एंट्री की थी। कंपनी के शेयर ₹980 पर लिस्ट हुए, जो ₹807 के इश्यू प्राइस से करीब 21.4% अधिक था। इसके बाद भी स्टॉक में तेजी का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार को अपर सर्किट लगने के साथ शेयर ने अपनी लिस्टिंग कीमत से भी काफी ऊपर का स्तर हासिल कर लिया।
कंपनी के IPO को भी निवेशकों का जबरदस्त सपोर्ट मिला था। करीब ₹940 करोड़ के IPO को 70.26 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। इश्यू के लिए 81.59 लाख शेयर उपलब्ध थे, जबकि निवेशकों की तरफ से 57.32 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां आईं। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (Qualified Institutional Buyers) की कैटेगरी 186.39 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, नॉन- इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (Non-Institutional Investors) और रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी क्रमशः 49.80 गुना और 12.96 गुना सब्सक्राइब हुई।
IPO में ₹200 करोड़ का फ्रेश इश्यू और 91.66 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (Offer for Sale) शामिल था। लिस्टिंग से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से भी करीब ₹281.5 करोड़ जुटाए थे। इनमें गोल्डमैन सैच (Goldman Sachs), IFC और ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स (BlackRock Global Funds) जैसे बड़े नाम शामिल थे।
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड (Molbio Diagnostics) गोवा स्थित डायग्नोस्टिक कंपनी है और इसका मुख्य फोकस तेजी से होने वाली मेडिकल टेस्टिंग तकनीक पर है। कंपनी का ट्रूनेट (Truenat) प्लेटफॉर्म छोटे या स्थानीय स्तर के सेंटरों पर मॉलिक्यूलर टेस्टिंग की सुविधा देता है और करीब एक घंटे में परिणाम उपलब्ध कराने के लिए जाना जाता है। यह प्लेटफॉर्म 100 से ज्यादा देशों में पेटेंटेड है और टीबी, कोविड-19, हेपेटाइटिस B और C, HIV तथा HPV जैसी बीमारियों की जांच में इस्तेमाल किया जा सकता है।
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड (Molbio Diagnostics) के शेयरों में 10 सितंबर, गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। NSE पर MOLBIO का शेयर फिलहाल ₹1,509.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जो पिछले बंद भाव से ₹251.50 यानी 19.99% की बढ़त दर्शाता है। इस तेजी के साथ शेयर में अपर सर्किट लगा है और स्टॉक IPO के ₹807 के इश्यू प्राइस से करीब 87% ऊपर पहुंच चुका है।
फाइनेंशियल परफॉर्मेंस भी कंपनी की ग्रोथ को दर्शाता है। FY26 में मोल्बियो (Molbio) का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14.8% बढ़कर ₹166.6 करोड़ रहा, जबकि रेवेन्यू
41.7% बढ़कर ₹1,445.7 करोड़ पहुंच गया। कंपनी IPO से जुटाई गई रकम का एक हिस्सा रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेंटर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर खर्च करने की योजना बना रही है। इसके अलावा गोवा और विशाखापत्तनम स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में प्लांट, मशीनरी और उपकरणों पर भी निवेश किया जाएगा। हालांकि, शेयर में तेज उछाल के बाद निवेशकों को केवल रिटर्न देखकर फैसला लेने के बजाय कंपनी के वैल्यूएशन, भविष्य की कमाई और कारोबार से जुड़े जोखिमों पर भी ध्यान देना चाहिए।