October 16, 2026

19 चौके, 8 छक्के और 173 रन... सहवाग के बेटे आर्यवीर ने बल्ले से उड़ाया गर्दा, विपक्षी गेंदबाज चारों खाने चित

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे आर्यवीर सहवाग ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है. 16 अक्टूबर (शुक्रवार) को विजयनगरम के डॉ. पीवीजी राजू एसीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चंडीगढ़ के खिलाफ आयोजित मुकाबले में 18 वर्षीय आर्यवीर ने 143 गेंदों पर 173 रनों की कप्तानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 19 चौके और 8 छक्के शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 121 रहा.

आर्यवीर सहवाग के दमदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली अंडर-19 ने निर्धारित 50 ओवर्स में 6 विकेट पर 289 रन बनाए. आर्यवीर ने मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी संभाली और लंबी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज अर्नव बुग्गा ने 47 रन का योगदान दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े, जिससे दिल्ली को अच्छी शुरुआत मिली.

दिल्ली की पारी में आर्यवीर सहवाग ने लगातार रन बनाते हुए टीम को संकट से उबारा. अर्नव के आउट होने के बाद उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज सिंह के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की. अभिराज ने 1 चौके की मदद से 18 रन बनाए.

सम्बंधित ख़बरें

aaryavir sehwag
आर्यवीर सहवाग का तूफानी शतक. (Photo: Screengrab/BCCI)

दिल्ली का स्कोर जब चार विकेट पर 179 रन था, तब आर्यवीर सहवाग ने शांतनु यादव के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़े. शांतनु ने नाबाद 27 रन बनाए. उनकी पारी 46वें ओवर में श्रेष्ठ दुग्गल ने समाप्त की. चंडीगढ़ की ओर से रूपेश यादव ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए.

कर्नाटक के खिलाफ नहीं चला था बल्ला
आर्यवीर सहवाग के लिए यह पारी पिछले मैच के बाद खास रही. कर्नाटक के खिलाफ दिल्ली की टीम को करारी हार मिली थी. कर्नाटक ने 418 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली 220 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. उस मैच में आर्यवीर ने 32 रन बनाए थे, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे.

अब चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से जवाब दिया और कप्तान के रूप में टीम को संभाला. वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट 8 अक्टूबर से में खेला जा रहा है, जिसमें आर्यवीर सहवाग 16 सदस्यीय दिल्ली टीम की अगुवाई कर रहे हैं.

आर्यवीर सहवाग ने सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था. उन्होंने तब तीन पारियों में 109 रन बनाए थे. बारिश से प्रभावित पहले मुकाबले में 26 गेंदों पर 28 रन बनाकर भारत की सात रनों की जीत में योगदान दिया. दूसरे वनडे में वह 47 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि आखिरी मुकाबले में उनके बल्ले से 34 रन निकले थे.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

वेस्टइंडीज से हार के बाद भड़के कप्तान श्रेयस अय्यर, गेंदबाजों को ठहराया जिम्मेदार

Live TV