
पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से छात्र ने खुद को गोली मारी.
Jhansi News: झांसी में 19 साल के एक छात्र ने सुसाइड कर लिया. बीए में पढ़ने वाले लव पटेल ने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी. घटना के वक्त वह घर में अकेला था. गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी. परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस को छात्र के मोबाइल से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह अपने पिता से भावुक होकर कहता सुनाई दे रहा है, “पापा, पैसे आप ही रख लीजिए, अब मैं मां के पास जा रहा हूं.” पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है.
घर में अकेला था छात्र लव पटेल
यह घटना गुरसराय थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान लव पटेल के रूप में हुई. वह बीए का छात्र था और अपने पिता मुन्ना लाल पटेल के साथ रहता था. उसके पिता रिटायर्ड ग्राम विकास अधिकारी हैं और फिलहाल खेती-बाड़ी करते हैं. पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे मुन्ना लाल और उनकी पत्नी हेमलता खेत पर गए थे. उस समय लव घर पर अकेला था. करीब दो घंटे बाद पड़ोसियों ने घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनी. आवाज सुनकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन घर अंदर से बंद था. पड़ोसियों ने लव के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी.
ये भी पडे़ं- अंकित बालियान हत्याकांड: पति के लिए न्याय की मांग, करवा चौथ पर व्रत रखेंगी पत्नी सीमा; खुद बताई वजह
सूचना मिलते ही मुन्ना लाल घर पहुंचे. अंदर जाने पर उन्होंने बेटे को खून से लथपथ हालत में पाया. पास में ही उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी. घटना के बाद परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने लव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए. छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
‘अब मैं मां के पास जा रहा हूं’
जांच के दौरान पुलिस को लव के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला. यह वीडियो उसने अपनी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया था. वीडियो में वह अपने पिता से भावुक होकर बात करता दिखाई देता है. वीडियो में लव कहता है, “पापा, पैसे आप ही रख लीजिए, अब मैं मां के पास जा रहा हूं.” वह अपने पिता से उन्हें परेशान करने के लिए माफी भी मांगता है. साथ ही कहता है कि उसके इस फैसले के लिए परिवार, दोस्तों या रिश्तेदारों में से कोई जिम्मेदार नहीं है.
पिता बोले- कुछ समय से तनाव में था बेटा
लव के पिता मुन्ना लाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से तनाव में था. उनके मुताबिक, लव को रात में ठीक से नींद नहीं आती थी. वह इसके लिए दवाइयां भी ले रहा था. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. छात्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
मां की मौत के बाद पिता के साथ रहता था लव
लव के परिवार से जुड़ी एक पुरानी घटना भी सामने आई है. उसकी मां संगीता पटेल की साल 2009 में सुसाइड कर लिया था. मां ने खुद को आग लगा ली थी. मां की मौत के बाद लव अपने पिता के साथ रहने लगा था. वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. संगीता की मौत के बाद मुन्ना लाल ने हेमलता से शादी कर ली थी. अब लव की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

अमित सोनी
अमित सोनी साल 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. उन्होंने डीडी न्यूज, जेके 24×7, हिन्दी खबर समेत कई न्यूज़ चैनल में काम का अनुभव प्राप्त किया है. वर्तमान में टीवी9 भारतवर्ष में बतौर झांसी जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. उत्तर प्रदेश व खास तौर से बुंदेलखंड के तमाम लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव को बारीकी से कवर करने का अनुभव है.
Read More