Ram Charan Upcoming Movies: साउथ फिल्मों के बड़े सुपरस्टार राम चरण का करियर काफी शानदार रहा है. उनकी खास बात ये है कि वे सिर्फ मेगास्टार चिरंजीवी के बेटे के तौर पर ही नहीं जाने जाते हैं बल्कि अपने अभिनय और अंदाज से उन्होंने खुद की पहचान बनाई है. वे ऑस्कर विनिंग फिल्म का भी हिस्सा रहे हैं. वहीं अपने जबरदस्त एक्शन के लिए जाने जाते हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी फिल्में कोई खास कलेक्शन नहीं कर पा रही हैं.
बॉक्स ऑफिस पर राम चरण की फिल्मों का ना चलना चिंता का विषय बन गया है. आमतौर पर राम चरण की फिल्में बड़े कैनवस पर बनाई जाती हैं और उनका बजट भी हाई-फाई होता है. लेकिन साउथ सुपरस्टार की फिल्में दुनियाभर में हाइप बनाने के बाद भी पहले की तरह कलेक्शन करती नजर नहीं आ रही हैं. लेकिन राम चरण की वापसी होनी भी जरूरी है. ऐसे में अब उन्होंने अपकमिंग फिल्म के लिए साउथ के दिग्गज डायरेक्टर सुकुमार से हाथ मिलाया है. देखने वाली बात होगी कि पुष्पा फेम डायरेक्टर राम चरण के लिए लकी साबित होते हैं कि नहीं.
राम चरण-सुकुमार का कोलाबोरेशन
साउथ सुपरस्टार राम चरण अपनी अपकमिंग फिल्म RC17 को लेकर बिजी हैं. ऐसा माना जा रहा है कि इस फिल्म के जरिए उनकी बॉक्स ऑफिस पर वापसी होगी. RRR फिल्म के बाद से ही राम चरण के साथ बॉक्स ऑफिस पर कुछ भी ठीक होता नजर नहीं आ रहा है. ऐसे में अब उन्होंने 1800 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 के साथ कोलाबोरेट किया है. RC 17 को लेकर सबसे बड़ा अपडेट ये है कि सुकुमार ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल कर दी है. साथ ही जल्द ही वे इसे राम चरण को भी सुनाने की तैयारी में हैं.
इस फिल्म की अनाउंसमेंट को समय हो चुका है. लेकिन स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म पेद्दी की शूटिंग के दौरान राम चरण के चोट लग गई थी और उनकी सर्जरी हुई थी. इस वजह से आर सी 17 प्रोजेक्ट पर काम डिले हो गया था. लेकिन अब इस प्रोजेक्ट पर फिर से काम शुरू होने जा रहा है और इसके पॉजिटिव सिग्नल भी मिलने शुरू हो गए हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो अगर स्क्रिप्ट को लेकर सबकुछ फाइनल हो जाता है तो फिर सुकुमार बचे हुए समय में फिल्म के स्क्रीनप्ले पर और तसल्ली से काम करना चाह रहे हैं. अगर हर एक चीज अपने समय पर पूरी हो जाती है तो ऐसा माना जा रहा है कि 2027 के पहले हॉफ में RC 17 की शूटिंग शुरू की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- Oh My Dog Review: कंक्रीट के जंगलों में खोती इंसानियत को आईना दिखाती है ओह माय डॉग, बेजुबानों के दर्द की दिल छू लेने वाली कहानी
कैसा रहा है राम चरण की पिछली फिल्मों का हाल?
राम चरण की बात करें तो RRR की रिलीज के बाद से ही साउथ सुपरस्टार की गाड़ी पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है. पिता चिरंजीवी के साथ उनकी फिल्म आचार्य सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी. 140 करोड़ के बजट में ये फिल्म 80 करोड़ भी नहीं कमा सकी थी और फ्लॉप रही थी. इसके बाद उनकी फिल्म गेम चेंजर साल 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी. लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक 350 करोड़ के बजट में ये फिल्म 200 करोड़ भी नहीं कमा सकी थी और डिजास्टर रही थी. वहीं एक्टर की फिल्म पेद्दी जब आई तो ऐसा माना जा रहा था कि ये फिल्म अपने भारी भरकम बजट के मुकाबले कुछ मुनाफा तो कमा लेगी. लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला. फिल्म एवरेज कलेक्शन ही कर सकी.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में पूरे कर चुका हूं 4 साल. सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक, कभी खोजी पत्रकार, कभी मौजी पत्रकार.
Read More