October 16, 2026

18 महीने की अरीबा छठी मंजिल से कैसे गिरी? 10 साल की पड़ोसी बच्ची पर आरोप, CCTV आया सामने

Mumbai News: मुंबई के गोरेगांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. महज 18 महीने की मासूम अरिबा की मौत के मामले में 10 साल की पड़ोसी बच्ची पर उसे छठी मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप लगा है. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद दिंडोशी पुलिस जांच में जुट गई है. अरिबा के माता-पिता इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि दोनों परिवारों के बीच पहले हुए 2 विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. आखिर उस रात क्या हुआ था और मासूम की मौत के पीछे की वजह क्या है? पुलिस इन तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी इलाके की शिवशाही वसाहत में बनी SRA इमारत में यह घटना 14 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे से 9:15 बजे के बीच हुई. मुंबई पुलिस को सोसाइटी की तरफ से मिले दो CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि 10 वर्षीय लड़की जिसका नाम समीरा बताया जा रहा है इमारत की छठी मंजिल पर लिफ्ट के पास सीढ़ियों के नजदीक दिखाई देती है. इसी दौरान 18 महीने की अरिबा भी अपनी पालतू बिल्ली के साथ वहां मौजूद थी. दोनों खेल रहे हैं. 18 महीने की अरीबा के पिता मोहम्मद शाकिर शब्बीर खान ने बताया कि अरीबा के साथ उसकी बिल्ली हमेशा रहती थी. ये लोग महज 15 दिन पहले ही इस इमारत में किराए पर रहने आये थे. शाकिर ने बताया कि इनकी न किसी से ज्यादा पहचान थी, न ही बोलचाल. सिर्फ एक बार गैलरी में साइकिल पार्क करने को लेकर दस साल की शामिरा की मां से बहस हुई थी.

सीसीटीवी फुटेज को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, कुछ देर बाद अरीबा छठी मंजिल से नीचे गिरती दिखाई देती है और समीरा वहां से भागती नजर आती है. इसके बाद वह गलियारे में साइकिल चलाती हुई भी दिखाई देती है. हालांकि, घटना के पीछे की मंशा और वास्तव में क्या हुआ, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा. लेकिन अरीबा की मां का आरोप है कि ये जानबूझकर की गई हत्या है, इसके पीछे दस साल की समीरा के साथ उसकी मां भी जिम्मेदार है.

अरीबा के पिता और मां ने बयां किया दर्द

परिवार का आरोप है कि उनकी 18 महीने की बच्ची को जानबूझकर छठी मंजिल से नीचे फेंका गया. शाकिर और आबिदा ने पड़ोस में रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची पर आरोप लगाते हुए उसकी मां की भूमिका पर भी संदेह जताया है. हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है. घटना के पीछे किसी की भूमिका और मंशा को लेकर जांच जारी है. ये भी बताया जा रहा है कि अरीबा की बिल्ली को लेकर भी दोनों परिवार में झगड़ा होता था लेकिन क्या झगड़ा था? क्या अरीबा की बिल्ली समीरा को पसंद थी या समीरा की मां को पसंद नहीं थी क्योंकि समीरा का परिवार छठी मंजिल पर पहले से रहता था और अरीबा का परिवार महज पंद्रह दिन पहले ही इस छठी मंजिल पर रहने आया था.

दोनों परिवारों के बीच हुआ था विवाद

पुलिस जांच कर रही है कि साइकिल की पार्किंग और बिल्ली को लेकर क्या विवाद था और क्या ये अरीबा के मौत की वजह बनी? जांच में दोनों परिवारों के बीच पहले हुए विवाद का पहलू भी सामने आया है. अरीबा का परिवार 1 अक्टूबर को ही इस इमारत की छठी मंजिल पर किराये से रहने आया था. अरीबा के माता-पिता के मुताबिक, पड़ोसी परिवार के साथ दो बार कहासुनी हुई थी. एक बार साइकिल की पार्किंग को लेकर और दूसरी बार बिल्ली को लेकर विवाद हुआ था. दोनों परिवार एक दूसरे के आमने सामने रहते है।अरीबा की बुआ और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरा परिवार शोक में है.

वीडियो में दिख रहा है कि अरीबा हमेशा अपनी बिल्ली के साथ ही रहती थी. बिल्ली के साथ खेलती थी, सोती थी और बिल्ली भी अरीबा को कभी अकेले नहीं छोड़ती थी. घटना वाले दिन भी बिल्ली अरीबा के साथ ही थी. आज भी बिल्ली अरीबा को ढूंढ रही है कभी सीढ़ियों पर जाती है कभी लिफ्ट एरिया में. कभी घर के अंदर. बताया जा रहा है कि अरीबा अक्सर बिल्ली के साथ खेलती थी और घटना के समय भी बिल्ली उसके आसपास थी. हालांकि, इन विवादों का बच्ची की मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

नाबालिग की मानसिक स्थिति को लेकर भी दावे

इस मामले में एक और पहलू सामने आया है. स्थानीय लोगों और नाबालिग के परिवार की ओर से उसकी मानसिक स्थिति को लेकर दावे किए गए हैं. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है. इसलिए इन दावों को घटना की वजह मानना फिलहाल उचित नहीं होगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दूसरी ओर, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मोबाइल गेम को लेकर भी अलग-अलग बातें कही जा रही हैं, लेकिन इस दावे की भी पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि अरीबा की मां आबिदा ने कहा कि दस साल की समीरा की उम्र ज्यादा है और वो मोबाइल पर कभी नहीं खेलती थी उल्टे वो पढ़ाई करती थी, कुरान पढ़ती थी, नमाज पढ़ती थी.

दिंडोशी पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट यानी ADR दर्ज की है. दोनों परिवारों के बयान लिए जा रहे हैं और पुलिस CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. अरिबा का पोस्टमार्टम कराया गया है और उसकी रिपोर्ट के निष्कर्षों का इंतजार है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 18 महीने की मासूम अरिबा छठी मंजिल से कैसे गिरी और इस घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button