August 29, 2026

सीएमसैनीका नूंह को 175 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का तोहफा : 100 बेड के जिला अस्पताल के साथ मेवात को मिले 1054 नए शिक्षक - Haribhoomi

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अनाज मंडी से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति बांटी, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा में बड़े सुधारों पर दिया जोर। 

Nuh CM Saini

नूंह की नई अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर मौजूद सीएम सैनी और अन्य नेता।

  • Published: 29 Aug 2026, 06:01 PM IST
  • Last Updated: 29 Aug 2026, 06:01 PM IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह (मेवात) की नई अनाज मंडी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को 175 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लगभग 163 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं तथा मेवात विकास अभिकरण (MDA) की 11.18 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

1054 नए शिक्षकों की नियुक्ति 
नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात के लिए यह बेहद खुशी का मौका है कि क्षेत्र को 1054 नए प्राथमिक शिक्षक मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी शैक्षणिक रूप से पिछड़ा माना जाने वाला मेवात क्षेत्र अब होनहार और प्रतिभाशाली बच्चों की बदौलत आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में सीएम ने दो योजनाओं के तहत 70 मेधावी विद्यार्थियों को 39.90 लाख रुपये की सम्मान राशि और 1364 विद्यार्थियों को 52.44 लाख रुपये की स्कॉलरशिप राशि जारी की। 

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के योग्यता और स्वाभिमान का सम्मान किया है। पारदर्शी तरीके से 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' के 2 लाख से अधिक युवाओं को पक्की सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से भी लगभग 26 हजार युवाओं को अनुबंध के आधार पर रोजगार दिया गया है।

शिक्षकों को समर्पित सेवा का संदेश, 450 स्कूलों का कायाकल्प होगा 
शिक्षकों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यह अवसर सिर्फ नौकरी पाना नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का संकल्प है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जब भी हरियाणा के शैक्षणिक नतीजों की चर्चा होगी, मेवात एक मिसाल बनकर सामने आएगा। 

सीएम ने ऐलान किया कि प्रदेश के 450 सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है, जिसमें से 200 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। 'निपुण हरियाणा' मिशन के तहत अगले महीने 32 हजार प्राथमिक अध्यापकों (PRT) को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। 

155 करोड़ से बनेगा 100 बेड का अस्पताल
समारोह की सबसे बड़ी सौगात 155.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 बेड का नया जिला सामान्य अस्पताल रहा, जिसकी आधारशिला नूंह के पुराने सीएचसी परिसर में रखी गई। इसके अलावा पुनहाना में 50 लाख की लागत से बने बीपीएचयू भवन और मांडीखेड़ा में 1.54 करोड़ से निर्मित टीबी कार्यालय का उद्घाटन हुआ। वहीं अडबर, छारोड़ा, कंकरखेड़ी, नई, सिरौली, इंडरी, पढ़ेनी और पिनगवां में उप स्वास्थ्य केंद्रों व बीपीएचयू भवनों का शिलान्यास किया गया।

खेल स्टेडियम, पार्क और मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का शिलान्यास 
मेवात विकास अभिकरण के तहत नूंह में 2.45 करोड़ का पार्क, पिनगवां में 1.80 करोड़ से खेल स्टेडियम का नवीनीकरण, 100 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, 33 स्कूलों में छात्रा शौचालय, हथीन में डिजिटल लाइब्रेरी, 14 स्कूलों में सोलर प्लांट और 10 स्कूलों में खेल मैदानों की आधारशिला रखी गई। शाहपुर-नांगली व कामेड़ा स्टेडियम और लाहबास गांव में 86.17 लाख के अल्वी भवन का भी शिलान्यास हुआ।

ये लोग रहे मौजूद 
इस कार्यक्रम में गुरुग्राम से लोकसभा सांसद राव इंद्रजीत सिंह निमंत्रण के बावजूद नहीं पहुंचे, जो चर्चा का विषय रहा। वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस के पुनहाना विधायक मोहम्मद इलियास ने मंच से मुख्यमंत्री की सराहना कर कहा कि उन्होंने पूर्व सरकारों का दौर भी देखा है, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेवात की पुरानी मांगों को पूरा कर क्षेत्र को वास्तविक सम्मान और विकास दिया है। 

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री संजय सिंह, विधायक मोहम्मद इसराइल, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व विधायक जाकिर हुसैन, नसीम अहमद, दीपक मंगला और जिला प्रमुख जान मोहम्मद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।