August 28, 2026

गांजा तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब : 170 किलो गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार - Haribhoomi

महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये है।

All four accused in police custody

चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

  • Published: 28 Aug 2026, 09:53 AM IST
  • Last Updated: 28 Aug 2026, 09:53 AM IST

राहुल भोई - महासमुंद। जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखा था।

मुखबिर की सूचना पर एनएच-53 में घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा महासमुंद की ओर से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 पर बिरकोनी के पास महाराजा ढाबा के नजदीक घेराबंदी की। संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये है। @MahasamundDist @MahasamundP #GanjaSmuggling pic.twitter.com/JnXFQzWKWp

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 28, 2026

ओडिशा से यूपी तक होनी थी सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा के बौद्धगढ़ से लाया गया था, जिसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहुंचाने की तैयारी थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मिनी ट्रक के पीछे एक स्विफ्ट कार भी चल रही थी, जिसमें सवार तीन अन्य संदिग्ध आरोपी मिनी ट्रक को फॉलो कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया।

97 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से 170.75 किलो गांजा, मिनी ट्रक, स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये का सामान जब्त किया है।

truk

चारों आरोपी यूपी के रहने वाले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। सभी के खिलाफ थाना महासमुंद में एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की सटीक सूचना, निगरानी और समय रहते की गई कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)