October 23, 2026

रेलवे में 1600 से ज्यादा पदों पर बंपर भर्ती, शुरू हो चुकी है आवेदन की प्रक्रिया, 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर | IBC24

नई दिल्ली: RRB Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) के तहत 1,688 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। नोटिफिकेशन संख्या 07/2026 के तहत इस भर्ती में 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 13 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।

इन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कुल चार तरह के पदों को भरा जाएगा। इसमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700 पद, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 पद, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद और ट्रेन क्लर्क के 188 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1,688 रिक्तियों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

RRB NTPC भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 30 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी, एसटी और दिव्यांग सहित निर्धारित श्रेणियों के उम्मीदवारों को 12वीं में कुल 50 प्रतिशत अंक होने की शर्त से छूट मिलेगी।

कितनी होगी आवेदन फीस?

सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, दिव्यांग, महिला, ट्रांसजेंडर और अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है। पहले चरण की परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र उम्मीदवारों को नियमानुसार बैंक शुल्क काटकर फीस वापस की जाएगी। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों को 400 रुपये, जबकि अन्य निर्धारित श्रेणियों को 250 रुपये वापस मिलेंगे।

अलग-अलग पदों पर कितनी मिलेगी सैलरी?

रेलवे के इन पदों पर वेतन सातवें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के पे लेवल के अनुसार दिया जाएगा। कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के पद पर चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती बेसिक सैलरी 21,700 रुपये प्रति माह मिलेगी। वहीं अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और ट्रेन क्लर्क के पदों पर शुरुआती बेसिक सैलरी 19,900 रुपये प्रति माह होगी।

कैसे करें आवेदन?

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल rrb.indianrailways.gov.in पर जाएं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता तथा अन्य जरूरी विवरण भरें। मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी डिटेल्स को ध्यान से चेक करें। अंत में आवेदन फॉर्म और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।

इन्हें भी पढ़ें:

  • फोन खरीदने के नियमों में बड़ा बदलाव! अब सिर्फ इतने फोन खरीद पाएंगे लोग, जानें अचानक क्यों लिया ये फैसला? 
  • आपका पैसा इस बैंक में है? निकासी पर RBI की पाबंदी, अब खाते से 5,000 रुपये ही निकाल पाएंगे, जानें क्या है वजह?
  • वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, दफ्तर में ही जड़ दिया ताला, मचा हड़कंप, भड़के बैंक CEO ने दी कार्रवाई की चेतावनी