October 5, 2026

दिल्ली के 16 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ दर्ज, वायु गुणवत्ता सूचकांक 184 | IBC24

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के 44 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 16 में सोमवार को प्रदूषण का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 184 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

शहर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन शाम के समय महसूस किया जाने वाला तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 27 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि एक केंद्र पर यह ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही। द्वारका सेक्टर-आठ में दिन का सबसे अधिक एक्यूआई 278 दर्ज किया गया, जिसके बाद मुंडका में 268 एक्यूआई दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने कहा कि छह से आठ अक्टूबर तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है। इसके बाद अगले छह दिनों तक इसके ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

आईसीएआर-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अनुसार, उपग्रहों ने पांच अक्टूबर को छह अध्ययन किए गए राज्यों में पराली जलाने की 36 घटनाओं का पता लगाया। इनमें पंजाब में पांच, उत्तर प्रदेश में चार, राजस्थान में तीन और मध्य प्रदेश में 24 घटनाएं शामिल हैं। हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड में पराली जलाने की कोई घटना नहीं मिली।

संस्थान ने बताया कि 15 सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच छह राज्यों में कुल 254 फसल अवशेष जलाने की घटनाओं का पता चला।

तापमान के लिहाज से, शहर के प्रतिनिधि मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। शाम 5.30 बजे महसूस किया जाने वाला तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पालम में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक था। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था।

रिज में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम था। अयानगर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान बारिश के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

भाषा तान्या माधव

माधव

Web Title: दिल्ली के 16 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ दर्ज, वायु गुणवत्ता सूचकांक 184