Pharmacist Salary Viral Video: एक फार्मासिस्ट वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल फार्मासिस्ट की नौकरी के लिए पहुंची युवती को ₹12-14 हजार सैलरी का ऑफर मिला, जबकि अस्पताल की सफाईकर्मी ₹16 हजार कमा रही थी। देखें
Pharmacist Viral Video: भारत में हेल्थकेयर सेक्टर में कम शुरुआती वेतन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह बनीं इंस्टाग्राम क्रिएटर आशा, जिन्होंने एक अस्पताल में फार्मासिस्ट की नौकरी के इंटरव्यू का अपना अनुभव शेयर किया। उनका दावा है कि उन्हें 10 घंटे की ड्यूटी के लिए 12,000 रुपए से 14,000 रुपए महीने की सैलरी ऑफर की गई। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि प्रोफेशनल डिग्री रखने वाले युवाओं को आखिर इतना कम वेतन क्यों दिया जा रहा है।
इंटरव्यू से पहले हुई एक बातचीत ने बढ़ा दी उम्मीद
आशा ने अपने वीडियो में बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उनकी मुलाकात वहां सफाई का काम कर रही एक महिला से हुई। बातचीत के दौरान जब उन्होंने उसकी मंथली सैलरी पूछी तो जवाब मिला कि उसे 16,000 रुपए मंथली मिलते हैं। यह सुनकर आशा को लगा कि फार्मासिस्ट जैसी विशेषज्ञता वाली नौकरी का शुरुआती वेतन इससे अधिक, करीब 18,000 रुपए से 20,000 रुपए के बीच होगा। लेकिन इंटरव्यू के दौरान जो जानकारी मिली, उसने उन्हें हैरान कर दिया।
ये भी पढ़ें- 29 LPA की WFH नौकरी सही या 45 LPA के लिए दूसरे शहर शिफ्ट होना बेहतर?
HR ने बताया फ्रेशर्स के लिए कितना है पैकेज
आशा के मुताबिक, HR ने सबसे पहले पूछा कि क्या उनके पास फार्मेसी का अनुभव है। उन्होंने साफ कहा कि वे फार्मेसी में फ्रेशर हैं, हालांकि हेल्थकेयर सेक्टर में चार साल का अनुभव रखती हैं। इसके बाद HR ने बताया कि अस्पताल आमतौर पर फ्रेशर्स को नियुक्त नहीं करता। अगर किसी फ्रेशर को रखा भी जाता है तो शुरुआती वेतन 12,000 रुपए से 14,000 रुपए के बीच होता है। साथ ही यह भी कहा गया कि कर्मचारी के प्रदर्शन के आधार पर तय होगा कि उसे 12,000 रुपए, 13,000 रुपए या 14,000 रुपए में से कितना वेतन मिलेगा। आशा ने बताया कि यह ऑफर सुनने के बाद उन्हें यकीन नहीं हुआ और वह इंटरव्यू छोड़कर वापस आ गईं। नीचे देखें वायरल वीडियो-
वीडियो वायरल, लोगों ने रखी अलग-अलग राय
19 जुलाई को पोस्ट किया गया यह वीडियो देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गया। कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने आशा की बात का समर्थन किया और कहा कि हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को उनकी योग्यता के अनुरूप वेतन मिलना चाहिए। हालांकि कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि सफाईकर्मी की सैलरी की तुलना सीधे फार्मासिस्ट से करना सही नहीं है। उनका तर्क था कि संभव है वह कर्मचारी कई वर्षों से उसी अस्पताल में काम कर रही हो और अनुभव के आधार पर उसकी आय बढ़ी हो। इस पर आशा ने जवाब दिया कि उनका उद्देश्य किसी पेशे की तुलना करना नहीं था, बल्कि प्रशिक्षित और डिग्रीधारी युवाओं के लिए बेहद कम शुरुआती वेतन की ओर ध्यान दिलाना था।
ये भी पढ़ें- Salary Hike की जगह कंपनियां करती हैं ये 5 काम!
डॉक्टर और डेंटिस्ट ने भी शेयर किए अपने अनुभव
वायरल वीडियो के नीचे कई हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स ने भी अपने शुरुआती वेतन का जिक्र किया। एक डॉक्टर ने लिखा कि उनकी पहली सैलरी सिर्फ 7,500 रुपए थी। वहीं एक डेंटिस्ट ने बताया कि उन्हें करियर की शुरुआत में 10,000 रुपए महीने का वेतन मिला था। कुछ अन्य यूजर्स ने यह भी दावा किया कि कई निजी अस्पतालों में 10 से 12 घंटे की ड्यूटी के बावजूद शुरुआती वेतन 12,000 रुपए से 15,000 रुपए के बीच ही रहता है।