July 30, 2026

हरियाणा में फर्जी दवा रैकेट का पर्दाफाश : 16 तस्कर धरे गए, दिल्ली-उत्तर प्रदेश तक जुड़े तार, करोड़ों रुपये की अवैध दवाएं जब्त - Haribhoomi

अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सबसे अधिक 12 आरोपी गुरुग्राम FDA ने गिरफ्तार किए हैं। दिल्ली व मुरादाबाद से भी आरोपियों को दबोचा गया। वहीं दिल्ली के अवैध ठिकाने से 323 प्रकार की दवाएं और जिम में बिकने वाले नकली स्टेरॉयड मिले।

Drug Syndicate Raid

कार्रवाई करती हरियाणा खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम व जब्त किया गया संदिग्ध केमिकल।

  • Published: 30 Jul 2026, 07:12 PM IST
  • Last Updated: 30 Jul 2026, 07:12 PM IST

हरियाणा में सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली दवा माफिया पर प्रशासन ने करारा प्रहार किया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की विशेष कार्रवाई के तहत अब तक अंतरराज्यीय नेटवर्क के 16 तस्करों को दबोचा जा चुका है। इस बड़ी मुहिम में सबसे ज्यादा 12 गिरफ्तारियां गुरुग्राम एफडीए की सक्रियता से संभव हुई हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के निर्देशों पर राज्य औषधि नियंत्रक रिपन मेहता ने पूरे प्रदेश में सघन छापेमारी, गुप्त निगरानी और कड़ी कार्रवाई का खाका तैयार किया, जिसके बाद इस पूरे नेटवर्क की कमर टूट गई।

70 लाख के 'मौनजारो' इंजेक्शन मिले 
गुरुग्राम के सेक्टर-69 और डीएलएफ फेज-4 स्थित ठिकानों पर की गई रेड में टीम ने करीब 70 लाख रुपये के जाली 'मौनजारो' (Mounjaro) इंजेक्शन बरामद किए। इस दवा का इस्तेमाल वजन घटाने और डायबिटीज के इलाज में होता है। मामले में लिप्त अवि शर्मा और मुजम्मिल खान को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है। मौके से करीब 24.83 लाख रुपये का संदिग्ध केमिकल भी मिला है। 

दिल्ली और मुरादाबाद तक फैले थे अवैध धंधे के तार 
जांच का दायरा बढ़ा तो गिरोह का कनेक्शन पड़ोसी राज्यों तक पहुंचा। 'तेलमा-एएम' (Telma-AM) की जाली सप्लाई में दिल्ली के एक बिना लाइसेंस वाले होलसेलर का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने दिल्ली से सुव्रत और यूपी के मुरादाबाद से जुबेर को गिरफ्तार किया। इनके पास से नामी ब्रांड की नकली 'टोफाजैक 5 एमजी' (Tofajak 5 mg) दवाइयां भी हाथ लगीं। 

जिम में सप्लाई हो रहे थे नकली स्टेरॉयड
हरियाणा और दिल्ली की संयुक्त टीमों ने राजधानी में एक अवैध जगह पर दबिश देकर 323 श्रेणियों की एलोपैथिक औषधियां जब्त कीं। इनमें बड़ी मात्रा में नकली एनाबॉलिक स्टेरॉयड शामिल थे, जिन्हें जिम जाने वाले नवयुवकों को गुमराह करके बेचा जा रहा था।

23 हजार नकली कैप्सूल जब्त 
प्रयोगशाला की जांच में एसिडिटी की दवा 'आर ज़ारा-डीएसआर' (R Zara-DSR) के 23,000 कैप्सूल नकली पाए गए, जिन्हें तुरंत सीज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं 'हेड ऑन' (Somatropin) इंजेक्शन फर्जीवाड़े में आरोपी हरिओम पकड़ा जा चुका है, जबकि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद फरार आरोपी जतिन खन्ना की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।