
Royal Enfield की इलेक्ट्रिक बाइक ने बढ़ाई पहुंच, 154Km रेंज वाली Flying Flea C6 यहां भी मिलेगी
Royal Enfield के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड Flying Flea ने भारत में अपना नेटवर्क बढ़ा दिया है. कंपनी की इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 अब हैदराबाद में भी उपलब्ध होगी. बेंगलुरु के बाद यह देश का दूसरा शहर है, जहां ग्राहक इस इलेक्ट्रिक बाइक को खरीद सकेंगे. कंपनी ने हैदराबाद में बिक्री और सर्विस के लिए चार नए टचपॉइंट शुरू किए हैं. इससे ग्राहकों को बाइक खरीदने के साथ उसकी देखभाल और मेंटेनेंस की सुविधा भी मिलेगी.
हैदराबाद में कहां मिलेगी Flying Flea C6?
Flying Flea ने हैदराबाद में एक कंपनी स्टोर और तीन अन्य आउटलेट शुरू किए हैं. यहां बिक्री के साथ ग्राहकों को सर्विस से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी. कंपनी का नेटवर्क हब-एंड-स्पोक मॉडल पर काम करेगा.
इसके तहत एर्रागड्डा में एक खास सर्विस सेंटर बनाया गया है, जहां बाइक की तकनीकी समस्याओं को ठीक करने की सुविधा होगी. बाकी तीन सेंटरों पर नियमित सर्विसिंग और मेंटेनेंस का काम किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, बेंगलुरु में Flying Flea C6 अब तक एक लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी है.
₹1.99 लाख से शुरू होती है कीमत
Flying Flea C6 की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये है. हालांकि, ग्राहक Battery-as-a-Service (BaaS) विकल्प चुनकर इसे 1.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीद सकते हैं. इस मॉडल में बैटरी के इस्तेमाल के लिए अलग से शुल्क देना होता है, इसलिए कुल खर्च चुने गए बैटरी प्लान पर निर्भर करेगा.
यह इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Storm Black, Flea Green और Parachute White समेत तीन कलर ऑप्शन में आती है. कंपनी इसके साथ 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस भी दे रही है, ताकि रास्ते में बाइक खराब होने जैसी स्थिति में ग्राहकों को मदद मिल सके.
बैटरी, पावर और टॉप स्पीड
Flying Flea C6 में 3.91kWh की लिथियम-आयन बैटरी दी गई है. इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 15.4kW यानी करीब 21bhp की पावर और 60Nm का मोटर टॉर्क जनरेट करती है. कंपनी के अनुसार, बाइक का व्हील टॉर्क 400Nm से ज्यादा है. इसकी दावा की गई टॉप स्पीड 115 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि वजन 124 किलोग्राम है.
चार्जिंग के लिए इसमें Rapid, Standard और Trickle जैसे तीन मोड मिलते हैं. बाइक को सामान्य 16A सॉकेट से भी चार्ज किया जा सकता है. कंपनी का दावा है कि बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब एक घंटे से थोड़ा ज्यादा समय लगता है.
रेट्रो डिजाइन के साथ मिलेंगे स्मार्ट फीचर्स
Flying Flea C6 का डिजाइन पुरानी मोटरसाइकिलों से इंस्पायर है, लेकिन इसमें कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं. इसमें लीन-एंगल सेंसिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल और वॉयस असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा लाइव लोकेशन शेयरिंग, बाइक गिरने पर अलर्ट और राइडिंग मोड बदलने के लिए रोटरी स्विच भी दिया गया है.
बाइक में जॉयस्टिक से कंट्रोल होने वाली TFT टचस्क्रीन मिलती है. इसमें Wi-Fi, Bluetooth और 4G कनेक्टिविटी के साथ रिमोट मॉनिटरिंग और OTA सॉफ्टवेयर अपडेट की सुविधा भी है.
विदेशों में भी बढ़ रहा ब्रांड का नेटवर्क
Flying Flea C6 को भारत और ब्रिटेन के 200 से ज्यादा इंजीनियरों की टीम ने डेवलप किया है. कंपनी के मुताबिक, बाइक से जुड़ी 45 से अधिक पेटेंट एप्लिकेशन दाखिल की गई हैं. इसे 2025 में डिजाइन कॉन्सेप्ट कैटेगरी में Red Dot Award भी मिला था.
भारत के अलावा कंपनी यूरोप और ब्रिटेन में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. पेरिस, बार्सिलोना, बर्लिन, रोम और लंदन में Flying Flea के स्टोर मौजूद हैं. हैदराबाद में शुरुआत के साथ कंपनी भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठा रही है.
यह भी पढ़ें- डिस्काउंट मिलेंगे या बढ़ेगी कीमत? फेस्टिव सीजन में नई कार खरीदने से पहले जानें कंपनियों का नया प्राइस प्लान
कार कंपनियों के लिए सितंबर बना शानदार महीना! बिक्री ने पार किया 4.27 लाख का आंकड़ा, जानें किसने कितनी गाड़ियां बेचीं

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More