August 25, 2026

150 परिवारों ने दी मीटर जलाने की चेतावनी: सेगांव में स्मार्ट मीटर से बढ़ा बिजली बिल, 100 यूनिट से 2500 यूनिट पहुंचा बिल - Barwani News

बड़वानी शहर के सेगांव स्थित वार्ड क्रमांक 10 में जून महीने में लगाए गए स्मार्ट मीटरों से बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। जिन घरों का बिल पहले 108 से 150 यूनिट आता था, अब वह 700 से 2500 यूनिट तक पहुंच गया है। सोलर पैनल लगे होने के बावजूद बिलों मे

.

इससे परेशान 150 से अधिक परिवारों ने मध्य प्रदेश विद्युत बोर्ड (MPEB) कार्यालय के कई चक्कर लगाए, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने अब स्मार्ट मीटरों की होली जलाने की चेतावनी दी है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

वार्ड निवासी अखिलेश मुकाती ने बताया कि उनके घर में 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगा है, जो प्रतिदिन 15 से 20 यूनिट बिजली बनाता है। इसके बावजूद, उन्हें पहले महीने 900 यूनिट और दूसरे महीने 1854 यूनिट का बिल दिया गया है। उन्होंने कहा, “पहले हमारा बिल 108-120 यूनिट आता था। MPEB में हम 3-4 बार काम छोड़कर गए, लेकिन कर्मचारी कहते हैं कि मीटर सही है और खपत हो रही है।”

मुकाती ने आगे बताया कि उनके गांव में 150 परिवार हैं और खमाजी काग के घर का बिल तो 2500 यूनिट प्रतिमाह आ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि कोई उन्हें तकनीकी भाषा में समझाए कि घर में इतनी बिजली कैसे खर्च हो रही है।

इसी वार्ड के कमल काग ने जानकारी दी कि पिछले तीन साल से उनका बिल 150 से 200 रुपये आता था, लेकिन इस महीने उन्हें 6480 रुपये का बिल मिला है। उन्होंने कहा, "मेरे यहां सिर्फ दो बल्ब, एक पंखा और तीसरे दिन चलने वाली पानी की मोटर है। मैंने अधिकारियों से पुराना रिकॉर्ड देखने को कहा, लेकिन उन्होंने बाद में मिलने और बिल कम करने की बात कही, हालांकि कितना कम करेंगे यह नहीं बताया।"

एक अन्य उपभोक्ता संजय काग ने बताया कि पिछले महीने तक उनका बिल 1000 रुपये था, जो इस महीने बढ़कर 25000 रुपये हो गया है। उन्होंने कहा, "मैं केवल दो लाइट और दो पंखे चलाता हूं। अधिकारी आए तो बोले कि आप सब चलाते हैं। इस समस्या का जल्द निराकरण होना चाहिए।"

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर में सोलर की नेट-मीटरिंग सही से नहीं जोड़ी गई है। मीटर सिर्फ खपत गिन रहा है, सोलर से बनी बिजली घटा नहीं रहा। इसके अलावा CT रेशियो की सेटिंग गलत होने से मीटर तेज चलने की आशंका है। ग्रामीणों ने मीटर की लैब में जांच की मांग की है।

इस संबंध में MPEB बड़वानी के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। कर्मचारियों का कहना है कि मीटर सही हैं और रीडिंग के हिसाब से ही बिल दिए जा रहे हैं। हालांकि बिल में अचानक बढ़ोतरी के कारणों पर कोई स्पष्ट तकनीकी जवाब नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी 150 मीटरों की मौके पर जांच, सोलर नेट-मीटरिंग ऑडिट और लैब टेस्ट कराया जाए और जब तक जांच पूरी नहीं होती, पुराने औसत खपत के आधार पर बिल लिया जाए। समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने MPEB कार्यालय के सामने स्मार्ट मीटर की होली जलाने का निर्णय लिया है।