
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम साढ़े 7 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर पहले ही सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर चुकी है। ऐसे में तीसरे मुकाबले में टीम मैनेजमेंट कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दे सकता है। सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। वैभव आज भारत के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेल सकते हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर के संकेतों के मुताबिक, आखिरी टी-20 में टीम संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकता है।
वैभव को मिल सकता है डेब्यू का मौका
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी-20 टीम में शामिल किए जाने के बाद से ही उनके डेब्यू को लेकर चर्चा चल रही है। वैभव कम उम्र में ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं।टीम मैनेजमेंट उन्हें मौका देकर भविष्य के लिए तीसरे ओपनिंग विकल्प के तौर पर तैयार करना चाहता है। एशियन गेम्स के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग विकल्प हैं, ऐसे में वैभव को आजमाने का मौका मिल सकता है।
वॉशिंगटन सुंदर और यश ठाकुर को भी मिल सकता है मौका
सीरीज अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम कुछ खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस देने पर विचार कर सकती है। वैभव सूर्यवंशी के अलावा वॉशिंगटन सुंदर और यश ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।इससे टीम को बेंच स्ट्रेंथ को परखने का मौका मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी मिलेगा।
राशिद खान के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान के लिए भी यह मुकाबला खास हो सकता है। राशिद टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं।अगर राशिद आज के मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वह मेंस और विमेंस दोनों कैटेगरी में टी-20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे।राशिद खान ने अब तक 117 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 196 विकेट हासिल किए हैं। उनकी गिनती दुनिया के सबसे सफल टी-20 गेंदबाजों में होती है।
सीरीज में भारत की मजबूत स्थिति
भारतीय टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान पर बढ़त बनाई है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम का प्रदर्शन प्रभावी रहा है।अब तीसरे मुकाबले में जहां भारत युवा खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की तैयारी करना चाहेगा, वहीं अफगानिस्तान सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगा। दिल्ली के मैदान पर होने वाले इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।