.
आज की सबसे बड़ी खबर स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने और सीएम योगी के यूथ पॉलिसी लाने के ऐलान को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर सहारनपुर में सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी और उनके ड्राइवर की मौत से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- योगी का ऐलान- सरकार यूथ पॉलिसी लेकर आएगी; पुलिसवालों ने डांस किया

स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी ने युवाओं के लिए जल्द ही एक 'यूथ पॉलिसी' लाने का ऐलान किया। सीएम ने विधान भवन पर झंडा फहराया। पगड़ी पहनकर पहुंचे। ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता में नजर आए। मऊ में मंत्री एके शर्मा अफसरों पर भड़के। कहा कि ABCD सिखाने की जरूरत पड़ रही। काशी-विश्वनाथ मंदिर तिरंगा थीम पर सजा। बागपत में पुलिसवालों ने डांस किया। पूरी खबर पढ़ें
2- सहारनपुर में ITBP के DIG की मौत; ड्राइवर की भी जान गई

सहारनपुर में शनिवार को सड़क हादसे में ITBP के डीआईजी और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। डीआईजी परमिंदर सिंह मसूरी से ट्रेनिंग खत्म कर पंजाब जा रहे थे। पोस्टिंग कश्मीर में थी। ड्राइवर रवि शंकर कार चला रहा था। गाड़ी में गनर भी था। देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में सामने से आ रही कार से टकरा गई। पूरी खबर पढ़ें
3- संभल में स्कूल का छज्जा गिरा, बच्चे की मौत, पिता बोले- यहीं तक साथ था

संभल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान एक स्कूल का छज्जा गिरने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। दो बच्चे घायल हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने कुछ बच्चे स्कूल के छज्जे पर चढ़ गए। अधिक वजन से छज्जा भरभराकर गिर गया। डीएम-एसपी कार्यक्रम छोड़कर पहुंचे। पिता ने कार्रवाई से इनकार किया। कहा- बच्चे की जिंदगी यहीं तक थी। हमारी कोई मांग नहीं। पूरी खबर पढ़ें
4- जालौन में IAS रिंकू सिंह राही बोले- ‘आज के हिसाब से बेवकूफ थे भगत सिंह’

जालौन में स्वतंत्रता दिवस पर एसडीएम रिंकू सिंह राही ने कहा- भगत सिंह आज के हिसाब से बेवकूफ और बेकार बच्चे थे। वो घर के हिसाब से बागी थे। उन्होंने कहा- जब मैं इतिहास पढ़ता हूं, तो मुझे लगता है कि किसानों का शोषण तो हमारे देश के ही आदमी ने किया था। शोषण करने वाला पटवारी होता था। वह अपने अंग्रेज अफसर के सामने अच्छा बनने के लिए ऐसा करता था। पूरी खबर पढ़ें
5- प्रयागराज में अतीक के बेटे से मिलीं पल्लवी पटेल, बोलीं- ये समय राजनीति का नहीं

प्रयागराज में विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के बेटे अहजम से मुलाकात की। शुक्रवार को वह हटवा पहुंचीं। पल्लवी और अतीक के परिवार की मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि इसे राजनीति से मत देखिए। अतीक के मेरे पिता सोनेलाल के गहरे संबंध थे। अभी टिकट की बात करने का वक्त नहीं। पूरी खबर पढ़ें
अब अहम 8 खबरें...
6- योगी 'बुलडोजर बाबा' सुनकर मुस्कुराए, कलाकार से पूछा- पसंद है न?

छत्तीसगढ़ के कलाकार कुलभूषण चंद्राकर ने योगी से कहा-पूरे छत्तीसगढ़ में आपको 'बुलडोजर बाबा' के नाम से जाना जाता है। सुनकर सीएम मुस्कुरा दिए। उन्होंने पूछा- बुलडोजर पसंद है न? योगी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले कलाकारों को लखनऊ में सम्मानित किया। दूसरे राज्यों से आए कलाकारों से एक बार अयोध्या जाने की बात भी कही। पूरी खबर पढ़ें
7- बहराइच में मासूम का कटा सिर चूमती रही मां, सिर-धड़ 5 मीटर दूर मिले

बहराइच में मासूम का कटा हुआ शव मिला। उसके सिर और धड़ 5 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पड़े थे। शव देखकर मां बेहोश हो गई। होश में आने के बाद मां बेटे का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर बदहवास हालत में उसके चेहरे को चूमती रही। कभी वह धड़ के पैर सीधे करती, तो कभी कटे सिर को धड़ से जोड़ने की कोशिश करती। आशंका है कि जंगली जानवर ने मार डाला। पूरी खबर पढ़ें
8- अखिलेश का बड़ा हमला, बोले- जेन अल्फा 18 साल के होते ही भाजपा को उखाड़ फेंके

अखिलेश यादव ने जेन अल्फा बच्चों से अपील की कि 18 साल के होते ही भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए वोट करें। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- ‘भाजपा आज भी देश में बंटवारे की राजनीति कर रही है। स्वतंत्रता दिवस के बजाय भाजपा विभाजन विभीषिका दिवस मनाने में लगी रही। भाजपा का राष्ट्रवाद एक रंग का है, जबकि समाजवादी विचारधारा में राष्ट्रवाद के सभी रंग हैं। पूरी खबर पढ़ें
9- मेरठ में 5 मिनट देरी पर ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को पीटा, घर में लात-घूंसे मारे

मेरठ में ऑर्डर की डिलीवरी में 5 मिनट की देरी होने पर युवक ने डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। शुक्रवार रात में जब डिलीवरी बॉय बिल्डिंग में पहुंचा तो युवक उस पर भड़क गया। गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी देने लगा। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला। आरोपी ICICI बैंक का मैनेजर बताया जा रहा। पूरी खबर पढ़ें
10- भाजपा विधायक सरिता भदौरिया पर शिवपाल का हमला, बोले- सत्ता का दम बोल रहा

भाजपा विधायक सरिता भदौरिया के कथित गाली-गलौज वाले वीडियो पर शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "सत्ता का दम बोल रहा है, महिला होकर इस प्रकार के शब्द बोल रहे थे।" अगर कोई गरीब ब्राह्मण एप्लीकेशन लेकर गया है तो जनप्रतिनिधि के नाते उसकी बात सुननी चाहिए, पर उनके बोल तो सुन लीजिए। उस पर भाजपा नारी शक्ति की बात करती है। पूरी खबर पढ़ें
11- कन्नौज में ट्रैक्टर में फंसा युवक, मौत, एक साइड से सिर दूसरी साइड से पैर बाहर निकले

कन्नौज में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के लिए बूंदी लेने निकले 25 साल के युवक की ट्रैक्टर के पहिए और मडगार्ड के बीच फंसकर मौत हो गई। वह ट्रैक्टर पर लिफ्ट लेकर जा रहा था। गड्ढे में पहिया जाने से ट्रैक्टर उछला तो पहिए और मडगार्ड के बीच आ गया। उसका सिर पहिए के एक तरफ और धड़ दूसरी तरफ फंस गया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें
12- वृंदावन में 1000 किलो सोने-चांदी के सिंहासन पर विराजे बांके बिहारी, हरा वस्त्र धारण किए

हरियाली तीज पर वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ है। गलियां भक्तों से खचाखच भरी हुई हैं। सुबह करीब 8 बजे मंदिर का पट खुला। बांके बिहारी 10 किलो सोने और 1000 किलो चांदी से बने झूले में हरे रंग की बेशकीमती जड़ाऊ पोशाक में विराजमान हैं। दर्शन कर भक्त भाव विभोर हो गए। हर तरफ बांके बिहारी के जयकारे लगाए जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
13- उन्नाव और चित्रकूट में घरों तक पहुंचा पानी, संभल में छत गिरी, 7 लोग दबे

यूपी में 11 नदियां चेतावनी बिंदु पार कर गईं। चित्रकूट और उन्नाव में कॉलोनियों और घरों में पानी पहुंच गया। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं और गलियों में नावें चल रही हैं। शुक्रवार को प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी स्टीमर से बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचीं। शनिवार सुबह लखनऊ-बाराबंकी में तेज बारिश के बाद धूप निकल आई। संभल में मकान की छत गिरने से 7 लोग मलबे में दब गए। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है...
14- चिता पर हिला महिला का शव, बिना जलाए घर ले आए

सोनभद्र में अंतिम संस्कार के दौरान चिता पर शव में हलचल दिखी तो परिजन उसे उठा ले गए। दो वैद्यों ने नाड़ी देखकर उसके जिंदा होने की बात कही। पति ने बताया- चिता पर हलचल होने पर गांव के दो वैद्यों ने चेक कर दावा किया- ये जिंदा है। इसीलिए पत्नी को वापस घर ले आया था। 2 निजी और एक सरकारी डॉक्टर ने मौत की पुष्टि की तब 33 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या रहेगा खास...
15- यूपी एलटी ग्रेड कंप्यूटर मुख्य परीक्षा
16 अगस्त को यूपी एलटी ग्रेड कंप्यूटर की मुख्य परीक्षा आयोजित होगी। 1,056 पदों के लिए हुई प्रारंभिक परीक्षा में 682 अभ्यर्थी पास हुए थे।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...