Instant Jalebi Recipe: अगर आपको अचानक मीठा खाने का मन कर रहा है और घर पर झटपट कुछ बनाना चाहते हैं तो इंस्टेंट जलेबी एक बेहतरीन ऑप्शन है. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप मिनटों में तैयार कर सकते हैं.
X

मिनटों में घर पर बनाएं कुरकुरी जलेबी (Photo-ITG)
Instant Jalebi Recipe: जलेबी भारत की सबसे पसंदीदा मिठाइयों में से एक है. बच्चे हों या बड़े, इसका नाम सुनते ही सबके मुंह में पानी आ जाता है. घुमावदार, कुरकुरी और रस से भरी यह मिठाई सदियों से भारतीय खानपान का अहम हिस्सा रही है. ज्यादातर लोगों को लगता है कि जलेबी बनाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है लेकिन ऐसा नहीं है. आज हम आपको हलवाई जैसी कुरकुरी और रसीली इंस्टेंट जलेबी बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
इसे आप किसी भी खास मौके, त्योहार या मीठा खाने की इच्छा होने पर कुछ ही मिनटों में घर पर तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि इंस्टेंट जलेबी बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है और यह कैसे बनती है.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
सम्बंधित ख़बरें
1 कप मैदा
2–3 बड़े चम्मच दही
1 छोटा चम्मच ईनो या ½ छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
तलने के लिए घी या रिफाइंड तेल
1½ कप चीनी
1 कप पानी
थोड़े से केसर के धागे या चुटकीभर फूड कलर (वैकल्पिक)
¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
मिनटों में जलेबी बनाएं कैसे?
- सबसे पहले एक कड़ाही में चीनी और पानी डालकर चाशनी तैयार करें. इसमें इलायची पाउडर और केसर डालें और हल्की चिपचिपी होने तक पकाएं. ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो और इस्तेमाल के समय गुनगुनी रहे.
- अब एक बाउल में मैदा और दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन बहने वाला स्मूद घोल तैयार करें. इसमें गांठें नहीं होनी चाहिए.
- जलेबी तलने से ठीक पहले घोल में ईनो या बेकिंग पाउडर डालें और हल्के हाथ से मिला लें.
- अब घोल को पाइपिंग बैग, सॉस की बोतल या कोन में भर लें. कड़ाही में घी या तेल मध्यम आंच पर गर्म करें और गोल-गोल घुमाते हुए जलेबियां बनाएं. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- तली हुई गरम जलेबियों को तुरंत गुनगुनी चाशनी में 30-40 सेकंड के लिए डुबोएं. इसके बाद निकालकर गरमा-गरम परोसें.
जलेबी बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- ज्यादा कुरकुरी जलेबी के लिए घोल में 1 छोटा चम्मच चावल का आटा मिला सकते हैं.
- चाशनी ज्यादा गाढ़ी न रखें, वरना जलेबी अच्छी तरह रस नहीं सोखेगी.
- जलेबी को हमेशा मध्यम आंच पर ही तलें, इससे वे समान रूप से कुरकुरी बनेंगी.
- चाशनी में जलेबी को ज्यादा देर तक न रखें, नहीं तो वे नरम हो जाएंगी.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
