ICC Women’s Champions Trophy 2027: महिला क्रिकेट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भारत को सौंपी है. छह टीमों का यह टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा. खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई और वडोदरा में आयोजित होंगे.
ICC के मुताबिक, मुंबई का क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम टूर्नामेंट के दो आयोजन स्थल होंगे. पहले इस प्रतियोगिता की मेजबानी श्रीलंका को करनी थी, लेकिन वहां क्रिकेट बोर्ड को ICC की ओर से तय किए गए कुछ सुधारों को पूरा करना बाकी है. इसके चलते टूर्नामेंट को भारत स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया.
इन 6 टीमों के बीच होगी खिताबी जंग
पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका शामिल हैं. टूर्नामेंट को टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में खेला जाएगा. लीग चरण में प्रत्येक टीम बाकी पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी. इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली टीमें सीधे 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में प्रवेश करेंगी. इस तरह टूर्नामेंट में कुल 15 लीग मुकाबलों के बाद फाइनल खेला जाएगा और चैंपियन का फैसला होगा.
ये भी पढ़ें: सितंबर में कब-कब खेलेगी Team India? अफगानिस्तान-वेस्टइंडीज से लेकर एशियन गेम्स तक का पूरा शेड्यूल
भारत को मिली मेजबानी, ICC बोर्ड ने दी मंजूरी
ICC ने मेजबानी के लिए बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्तावों का मूल्यांकन किया था. इसके लिए बोर्ड ने अपने निर्धारित मेजबान मूल्यांकन मानकों को आधार बनाया. इसके बाद भारत को श्रीलंका के स्थान पर आयोजन की जिम्मेदारी देने की सिफारिश की गई. ICC बोर्ड ने 1 सितंबर 2026 को इस फैसले को औपचारिक मंजूरी दे दी. अब फरवरी 2027 में भारत पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा.
जय शाह ने बताया महिला क्रिकेट के लिए बड़ा कदम

ICC चेयरमैन जय शाह ने पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी को महिला क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया. उनके मुताबिक, टूर्नामेंट में दुनिया की शीर्ष टीमें एक उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगी. इससे टीमों को रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने और वैश्विक स्तर पर अपनी जगह मजबूत करने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि हर साल एक बड़ा ICC महिला टूर्नामेंट होने से महिला क्रिकेट को लगातार गति देने, खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए बेहतर निरंतरता बनाने और इस खेल के लिए मजबूत वैश्विक माहौल तैयार करने में मदद मिलेगी.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के पास बड़ी जिम्मेदारी
टूर्नामेंट में भारत मौजूदा महिला वनडे विश्व कप चैंपियन के रूप में उतरेगा. भारत ने पिछले साल नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराकर विश्व कप का खिताब जीता था. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया मौजूदा महिला टी20 विश्व कप चैंपियन है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस साल लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था.
ऐसे में भारत में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में दुनिया की शीर्ष छह टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा. टूर्नामेंट का टी20 प्रारूप इसे और भी तेज और प्रतिस्पर्धी बना सकता है.
ये भी पढ़ें: गंभीर-अगरकर से BCCI मांगेगा जवाब? गिल-अय्यर के सामने टीम इंडिया के प्रदर्शन पर होगा मंथन