एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान 133 रनों पर ऑल आउट हो गई. बाबर आजम समेत 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए. इसके बाद आइसलैंड क्रिकेट ने पीसीबी का मजाक उड़ाया.
Written By : शिवम | Updated at : 09 Sep 2026 10:42 PM (IST)

Pakistan Test Captain Babar Azam
Source : एक्स
इंग्लैंड में पाकिस्तान का शर्मनाक प्रदर्शन तीसरे टेस्ट में भी जारी रहा. पहली पारी में बाबर आजम एंड टीम 133 रनों पर ऑल आउट हो गई. इस दौरे में मेहमान टीम एक भी बार 200 का आंकड़ा नहीं छू पाई है. अब एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन ये हाल देखकर पाकिस्तान का जमकर मजाक बन रहा है. पाकिस्तानी लोग भी आलोचना कर रहे हैं, इस बीच आइसलैंड क्रिकेट का पोस्ट भी वायरल हो रहा है.
एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में टॉस हारकर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करने उतरी. पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन कितना शर्मनाक रहा, इसका अंदाजा इस बात से लगाइए कि इस पारी में सबसे अधिक रनों की साझेदारी 10वें विकेट के लिए हुई. मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली के बीच हुई ये साझेदारी 26 रन की ही थी. बाबर आजम की विकेट का तो जमकर मजाक उड़ रहा है, वह जोश टंग की गेंद को समझ ही नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए. उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए.
133 पर ऑल आउट पाकिस्तान
पाकिस्तान के लिए पहली पारी में सबसे अधिक रन सऊद शकील ने बनाए, जो अपने अर्धशतक से 7 रन दूर रह गए. 43 रनों की इस पारी में उन्होंने 7 चौके लगाए. पाकिस्तान के 8 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा ही नहीं छू पाए, इसमें कप्तान बाबर आजम (7) भी शामिल थे. टॉप-4 बल्लेबाजों की बात करें तो सैम अयूब (0), आजान अवेस (9), अब्दुल्ला शफीक (3) और शान मसूद ने मिलकर ही कुल 24 रन बनाए. पाकिस्तान 33.5 ओवरों में 133 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई.
आइसलैंड क्रिकेट ने उड़ाया मजाक
पाकिस्तान की इस स्थिति पर आइसलैंड क्रिकेट ने भी चुटकी ली, उन्होंने मजाक उड़ाते हुए लिखा, "यह देखकर अच्छा लगा कि सेलेक्शन और कोचिंग में किए गए बदलाव पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में कमाल कर रहे हैं."
Good to see all those selectorial and coaching changes working Test wonders for Pakistan.
— Iceland Cricket (@icelandcricket) September 9, 2026
यह भी पढ़ें- ओली रॉबिन्सन ने रचा इतिहास, बुमराह के बाद ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज बने
दरअसल लॉर्ड्स में मिली हार के बाद पीसीबी ने पाकिस्तान टेस्ट स्क्वॉड में शामिल 7 खिलाड़ियों को बाहर कर दिया था. उनकी जगह नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया. कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी बाहर कर दिया गया था. हालांकि टीम और कोचिंग में किए गए इन बदलावों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हालत वैसी ही बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- ODI डेब्यू में सबसे ज्यादा रन... दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

About the author शिवम
शिवम फरवरी 2025 से एबीपी की स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े हैं. इससे पहले शिवम ने 3 साल इनसाइडस्पोर्ट में बतौर सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम किया है. शिवम ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई जामिया मिल्लिया इस्लामिया से की है.
Read More
Published at : 09 Sep 2026 08:53 PM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola