September 10, 2026

13 साल का सूखा खत्म: ईस्ट जोन ने जीता दलीप ट्रॉफी का खिताब, फाइनल में साउथ जोन को चटाई धूल - Haribhoomi

ईस्ट जोन ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। चेन्नई में खेले गए फाइनल मुकाबले में कप्तान ईशान किशन चमके।

East Zone Duleep Trophy win

ईस्ट जोन ने 13 साल के लंबे इंतजार के बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है।

  • Published: 10 Sep 2026, 03:58 PM IST
  • Last Updated: 10 Sep 2026, 03:58 PM IST

East Zone Duleep Trophy win: घरेलू क्रिकेट में ईस्ट जोन ने इतिहास रचते हुए 13 साल के लंबे सूखे को खत्म कर दिया है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए दलीप ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन ने साउथ जोन को करारी शिकस्त देकर शानदार अंदाज में ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

कप्तान ईशान किशन की अगुवाई में टीम ने पूरे टूर्नामेंट और खासकर फाइनल में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद ईस्ट जोन ने मैच पर पूरी तरह से शिकंजा कस लिया था।

ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन
मैच की शुरुआत से ही ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने पहली पारी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 708 रनों का विशाल स्कोर बोर्ड पर टांग दिया। कप्तान ईशान किशन ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाते हुए एक शानदार दोहरा शतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जबकि शिखर मोहन ने भी 85 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 10, 2026

इसके जवाब में उतरी साउथ जोन की टीम पहली पारी में महज 336 रनों पर सिमट गई। इस तरह ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर 372 रनों की भारी-भरकम और निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। गेंदबाजी में ईस्ट जोन के तेज गेंदबाजों ने कहर बरपाया। अनुभवी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी, मोहम्मद कौनैन कुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।

क्रेन और कुरैशी का जलवा, बढ़त पहुंची 700 के पार
विशाल बढ़त मिलने के बावजूद ईस्ट जोन ने तुरंत पारी घोषित नहीं की और अपनी बल्लेबाजी जारी रखी। पांचवें दिन पारी घोषित करने से पहले टीम ने बोर्ड पर और रन जोड़े। इस दौरान कप्तान ईशान ने 80 रनों की शानदार पारी खेलकर लाल गेंद के क्रिकेट (रेड-बॉल क्रिकेट) में अपनी दमदार वापसी का स्पष्ट संदेश दे दिया है। इसी पारी के दौरान कौनैन कुरैशी ने अपने फस्र्ट-क्लास करियर का ऐतिहासिक पहला शतक जड़ा।

— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 10, 2026

कौनैन कुरैशी 189 गेंदों पर 13 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 116 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा अनुकूल रॉय ने भी 64 रनों की शानदार पारी खेली। इन साझेदारियों की बदौलत ईस्ट जोन की कुल बढ़त 700 रनों के पार पहुंच गई। साउथ जोन के गेंदबाजों के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने जैसा रहा। उनके गेंदबाज काफी थके हुए नजर आए, क्योंकि उन्होंने पहली पारी में 163 और दूसरी पारी में 99.2 ओवर गेंदबाजी की। साउथ जोन के लिए त्रिपुरना विजय ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल पांच विकेट चटकाए, जो उनके सबसे सफल गेंदबाज रहे।

13 साल बाद चैंपियन बना ईस्ट जोन
पांचवें दिन ईस्ट जोन द्वारा अपनी दूसरी पारी घोषित किए जाने के बाद साउथ जोन के पास पहली पारी की भारी-भरकम बढ़त को पाटने का कोई मौका नहीं बचा था। इसके बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ मिलाकर मैच समाप्त करने का फैसला किया और पहली पारी की बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित कर दिया गया।

जीत की पुष्टि होते ही कप्तान ईशान किशन और साथी खिलाड़ियों ने मैदान पर स्टंप्स हाथ में लेकर जमकर जश्न मनाया और जीत की खुशी में डांस किया। ईस्ट जोन ने सीजन 2012-13 के बाद पहली बार दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान ईशान किशन ने चयनकर्ताओं को भी कड़ा संदेश दे दिया है कि वे टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।