दुनिया
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Jul 29, 2026, 09:27 AM IST
देश की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने यह जानकारी दी। दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोतो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। ताकाइची ने कहा, 'कुछ लोग उन्हें बचाए जाने का इंतजार अब भी कर रहे हैं और समय तेजी से निकल रहा है। हम अधिक से अधिक लोगों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।’
![]()
जापान में 28 जुलाई को आया शक्तिशाली भूकंप।
Photo :
AP
Japan Eartquake: जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद 13 लोगों के शव मिले हैं और लापता लोगों की तलाश के लिए बुधवार सुबह भी बचाव अभियान जारी रहा। देश की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने यह जानकारी दी। दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोतो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। ताकाइची ने कहा, 'कुछ लोग उन्हें बचाए जाने का इंतजार अब भी कर रहे हैं और समय तेजी से निकल रहा है। हम अधिक से अधिक लोगों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।’
ताकाइची ने मृतकों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भूकंप से प्रभावित लोगों से गर्म मौसम में अपना ध्यान रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जापान का ’सेल्ड डिफेंस फोर्स’ भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक शॉपिंग मॉल में तलाश एवं बचाव अभियान में बचावकर्मियों के साथ जुटा है तथा सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में पानी, भोजन और अन्य जरूरी वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। कुमामोतो में अग्निशमन विभाग ने बताया कि काशिमा कस्बे में ’एयॉन मॉल’ की दूसरी मंजिल ढह गई जिससे कई लोग फंस गए।
चिमनी ढह गई और लोग मलबे के नीचे दब गए
कुमामोतो के आपातकालीन दल ने बताया कि 'निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज कंपनी’ के यत्सुशिरो कारखाने की एक चिमनी ढह गई और लोग मलबे के नीचे दब गए। प्रभावित क्षेत्र तोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है। अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि प्रमुख सार्वजनिक सुविधाओं या बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। परमाणु विनियमन प्राधिकरण ने कहा कि आसपास के तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी का पता नहीं चला है।
कुमामोतो हवाई अड्डे का रनवे बंद
'क्योदो न्यूज’ ने बताया कि यत्सुशिरो शहर के एक अस्पताल में लगभग 40 घायलों को भर्ती कराया गया जबकि करीब 50 अन्य लोगों को कुमामोतो शहर के एक अस्पताल ले जाया गया। क्यूशू में कई प्रमुख विनिर्माण कंपनियों ने मंगलवार को अपना कामकाज रोक दिया था लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं होने पर उन्होंने बुधवार को परिचालन फिर शुरू करने की योजना बनाई। आसो कुमामोतो हवाई अड्डे का रनवे बंद कर दिया गया है और इस बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई कि इसे दोबारा कब खोला जाएगा।
कुमामोतो किले की पत्थर की दीवारों को भी नुकसान
क्योदो ने बताया कि यत्सुशिरो स्टेशन पर एक ट्रेन पटरी से उतरकर एक ओर पलट गई। प्रमुख पर्यटन स्थल कुमामोतो किले की पत्थर की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। यह किला 2016 के भूकंप में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और इसकी मरम्मत अब भी जारी है। मिफुने नगर कार्यालय के अधिकारी हिरोकी शिमोदा ने कहा, ’’भूकंप के झटकों ने मुझे कुमामोतो में (10 साल पहले) आए भूकंप की याद दिला दी और मैं डर गया।’’ उन्होंने आसपास के मकानों की छतों से खपरैल गिरते हुए देखीं। कुमामोतो में 2016 में आए विनाशकारी भूकंप में कम से कम 50 लोगों की मौत हुई थी। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप बाद के संभावित झटकों के मद्देनजर निवासियों से अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने का आग्रह किया।
![]()
आलोक कुमार रावauthor
19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article