करौली पुलिस ने एरिया डोमिनेशन तहत 460 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर 122 बदमाशों को किया गिरफ्तार।
करौली पुलिस ने जिलेभर में चलाए गए बड़े एरिया डोमिनेशन एवं सर्च अभियान के दौरान 122 अपराधियों को गिरफ्तार कर अपराधियों पर बड़ा शिकंजा कसा है।
.
261 पुलिसकर्मियों की 66 टीमों ने 460 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जघन्य अपराधियों, वारंटियों, अवैध खनन माफिया, शराब तस्करों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 73 टन बजरी-पत्थर, 623 पव्वे अवैध देसी शराब तथा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त कई वाहन भी जब्त किए गए।
122 गिरफ्तार, कई श्रेणियों के अपराधी दबोचे
गिरफ्तार किए गए 122 अपराधियों में 10 जघन्य मामलों के वांछित आरोपी, 5 स्थायी वारंटी, 36 गिरफ्तारी वारंटी, 6 अन्य मामलों के वांछित आरोपी और विभिन्न अधिनियमों के तहत 22 आरोपी शामिल हैं। वहीं, 43 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
अवैध खनन पर कड़ा प्रहार
अवैध खनन के खिलाफ चार प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान करीब 73 टन बजरी और पत्थर जब्त किए गए तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और अन्य वाहन भी पुलिस ने जब्त किए।
शराब तस्करों पर शिकंजा
आबकारी अधिनियम के तहत नौ प्रकरण दर्ज कर 523 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद की गई और नौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कोतवाली करौली थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए 100 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस, हथियार और सट्टे पर कार्रवाई
एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आबकारी और अन्य अधिनियमों के तहत दर्ज नौ मामलों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने एक सटोरिए को सट्टा उपकरण और 630 रुपए की नकदी के साथ पकड़ा, जबकि वारदात की फिराक में घूम रहे एक युवक को धारदार हथियार सहित गिरफ्तार किया गया।
फरार आरोपी भी आए गिरफ्त में
श्रीमहावीरजी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के दो लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 60 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ एक तस्कर को भी दबोचा गया। इसके अलावा हत्या, महिला अत्याचार, वाहन चोरी, जुआ, चेक बाउंस और शराब तस्करी जैसे मामलों में वांछित आरोपियों और वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एरिया डोमिनेशन एवं सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।