August 22, 2026

करीबन 12000 फीट पर बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम, भारत में कहां होगा वेन्यू, 1 अरब रुपये की लागत

Time Updated: Saturday, August 22, 2026, 14:31 [IST]

क्रिकेट का मैदान आमतौर पर ऐसे इलाकों में देखने को मिलता है, जहां खिलाड़ियों के लिए मौसम और परिस्थितियां ज्यादा मुश्किल न हों। अब भारत में एक ऐसा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी चल रही है, जो अपनी ऊंचाई की वजह से दुनियाभर में चर्चा में आ सकता है।

करीब 11800 फीट की ऊंचाई पर एक नए क्रिकेट स्टेडियम का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। अगर यह प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाता है, तो दुनिया का सबसे उंचा स्टेडियम बन जाएगा। हालांकि अब भी सबसे ज्यादा ऊंचाई का स्टेडियम भी भारत में ही है।

cricket stadium ai photo
AI Image

यह नया स्टेडियम लद्दाख में बन सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार प्रस्तावित मैदान थिकसे के पास बनाया जा सकता है, जो लेह के करीब है। फिलहाल इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सब कुछ ठीक रहा, तो भारतीय टीम सबसे उंचे स्टेडियम में खेलती हुई दिखाई दे सकती है।

100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान

लद्दाख प्रशासन इस प्रोजेक्ट को केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रखना चाहता। इसके पीछे क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के साथ स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने का उद्देश्य भी है। प्रस्तावित स्टेडियम को रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम नाम दिए जाने की संभावना है।

इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकती हैं। साथ ही क्रिकेट से जुड़े लोग और पर्यटक भी इस नए मैदान की ओर आकर्षित हो सकते हैं।

धर्मशाला का मैदान भी ऊंचाई पर मौजूद

हिमाचल प्रदेश का धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम भारतीय क्रिकेट के सबसे खूबसूरत मैदानों में गिना जाता है। समुद्र तल से करीब 4780 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मैदान के पीछे बर्फ से ढकी धौलाधार की पहाड़ियां नजर आती हैं।

स्टेडियम में लगभग 21200 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यहां 2010 में पहली बार आईपीएल मुकाबला खेला गया था। इसके बाद 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच के साथ इसे नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट वेन्यू के तौर पर पहचान मिली। 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां पहला टेस्ट मैच भी खेला गया।

श्रीनगर के स्टेडियम में हो चुके हैं अंतरराष्ट्रीय मैच

श्रीनगर के सोनवार इलाके में स्थित शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम करीब 5200 फीट की ऊंचाई पर है। यह जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम का घरेलू मैदान है। इस मैदान की स्थापना 1983 में हुई थी। यहां भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1983 में वनडे मैच खेला गया था। इसके बाद 1986 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भी मुकाबला हुआ। स्टेडियम में लगभग 5000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है।