
सिद्धार्थ मल्होत्रा का ट्रैक रिकॉर्ड
Sidharth Malhotra Box Office Comeback: बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्म इंडस्ट्री में करीब डेढ़ दशक का समय बिता लिया है. इस दौरान उन्होंने एक्शन और रोमांटिक फिल्में की हैं. वहीं कुछ फिल्मों के जिरए उन्होंने खुद को चैलेंज भी दिया है. लेकिन शुरू से ही उनका एक फैन फॉलोइंग बेस रहा है जिसमें इन सालों में इजाफा ही देखने को मिला है. पिछले कुछ सालों में तो उनके अभिनय की खूब प्रशंसा भी देखने को मिली है. लेकिन इन सबके बाद भी सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्मों का हाल बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया नहीं रहा है.
उनकी लगातार अपग्रेड होती हुई परफॉर्मेंस के बाद भी उनकी कई फिल्मों को सिनेमाघरों में निराशा हाथ लगी है और एक्टर को हताशा. मगर 2026 उनके लिए वरदान बनकर आया है. उनकी फिल्म द वन फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये फिल्म सिनेमाघरों में पहले वीकेंड में अच्छा कलेक्शन करने में सफल रही है. वहीं वीकडेज में फिल्म को जो रिस्पॉन्स मिला है वो भी इसे लेकर पॉजिटिव संदेश ही दे रहा है. आइए एक नजर डालते हैं कि सिद्धार्थ मल्होत्रा का अब तक का ट्रैक रिकॉर्ड कैसा रहा है वहीं उनकी फिल्म द वन क्या उनके अब तक के करियर की सबसे सफल फिल्म साबित हो सकती है.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर से की शुरुआत
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बतौर लीड एक्टर अपने करियर की शुरुआत साल 2012 में स्टूडेंट ऑफ द ईयर फिल्म से की थी. इसके बाद से ही वे लगातार फिल्मों में अच्छा करते आए हैं. एक रोमांटिक और एक्शन हीरो के तौर पर उन्होंने खुद को स्थापित किया है. स्टूडेंट ऑफ द ईयर से उन्होंने करियर की सफल शुरुआत की थी और लोगों के दिलों में खास इंप्रेसन छोड़ने में भी सफल रहे थे. इसके बाद उनकी फिल्म हंसी तो फंसी भी एवरेज रही थी.

एक विलेन हुई बड़ी हिट
इसके बाद उन्हें करियर की सबसे बड़ी फिल्म एक विलेन मिली. इन्हें उनके अब तक के करियर की भी सबसे बड़ी मूवी कहा जा सकता है. फिल्म ने दुनियाभर में 105 करोड़ रुपये कमाए जो उस समय के हिसाब से बड़ी बात थी. एक्टर की इस फिल्म के बाद से अब तक कोई भी बड़ी हिट बॉक्स ऑफिस पर देखने को नहीं मिली है. वहीं इस मूवी को आए हुए भी अच्छा-खासा वक्त बीत चुका है. पिछले 12 सालों से सिद्धार्थ मल्होत्रा एक अदद हिट के इंतजार में हैं.
उसके बाद 12 साल से हिट के इंतजार में सिद्धार्थ मल्होत्रा
इस बीच उनकी फिल्म कपूर एंड सन्स आई थी. लेकिन इस फिल्म को हिट नहीं कहा जा सकता. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ये अबव एवरेज रही थी. मतलब सेमी हिट थी. इसके बाद उनकी फिल्म बार बार देखो, इत्तेफाक, अय्यारी, अ जेंटलमैन, जबरिया जोड़ी, मरजावां, थैंकगॉड परम सुंदरी और योद्धा जैसी फिल्में आई हैं. लेकिन ये फिल्में भी कोई खास इम्पैक्ट नहीं छोड़ सकी हैं. लोगों के दिलों में सिद्धार्थ मल्होत्रा भले ही अपनी स्थिति मजबूत करते गए, अपने अभिनय से भले ही वे निर्देशकों-निर्माताओं का भरोसा जीतते गए लेकिन इसके बाद भी सिद्धार्थ को कभी भी बॉक्स ऑफिस पर वैसी सफलता नहीं मिल पाई है जिसे वे डिजर्व करते हैं.
क्या द वन से चमकेगी किस्मत?
अब एक्टर के पास एक ऐसी फिल्म आई है जो बॉक्स ऑफिस पर उनका अब तक का लचर इतिहास पलट सकती है. इसकी संभावनाएं भी नजर आनी शुरू हो गई हैं. द वन फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट फिल्म काफी अच्छा कलेक्शन कर रही है. रिलीज के 4 दिनों में ही भारत में फिल्म ने 40 करोड़ कमा लिए हैं और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी 55 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है. सबसे बढ़िया संकेत तो ये है कि फिल्म वीकडेज में भी 5 करोड़ से ज्यादा कमा ले जा रही है. इससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म को ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये रिस्पॉन्स आने वाले वक्त में इसे फायदा दिला सकता है.

फिल्म जरा अलग कॉन्सेप्ट पर बनी है और इसे छठी मइया की माइथोलॉजिकल कहानी से भी जोड़ा गया है. जिससे बिहार और यूपी वाले लोगों के लिए ये फिल्म और भी खास बन जाती है. वहीं खुद में ही ये फिल्म एडवेंचरस मूवी है. फिल्म की एक खास बात ये भी है कि इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया जैसे स्टार्स हैं जिनकी फैंस के बीच अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. ये सारे एलिमेंट्स इस ओर इशारा कर रहे हैं कि फिल्म लंबे समय तक सिनेमाघरों में ठीक-ठाक कमाई कर के दिखा सकती है.
ये भी पढ़ें- The Vvaan: कैसे शूट हुआ था तमन्ना भाटिया छठी मैया का पानी वाला सीन, सिनेमैटोग्राफर ने शेयर किया BTS वीडियो
बजट की तुलना में कहां टिकती है फिल्म?
वहीं इसका अनुमानित मैक्जिमम बजट 100 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है. इसके मुकाबले फिल्म ने लगभग आधा बजट रिकवर कर लिया है और अभी तो रिलीज के 4 दिन ही बीते हैं. दूसरे वीकेंड तक ये फिल्म अपना बजट रिकवर कर सकती है. वहीं अच्छे वर्ड ऑफ माउथ का फायदा अगर इसे बाद में मिलता है तो फिर ये फिल्म और भी बढ़िया कमाई कर के दिखा सकती है. जब सिद्धार्थ के अभिनय की तारीफ शेरशाह जैसी फिल्मों के जरिए हो ही रही है और उन्हें भरोसेमंद माना जा रहा है तो इसका असर बॉक्स ऑफिस पर दिखना भी जरूरी है. क्योंकि प्रैक्टिकली किसी भी फिल्म की सफलता का मापदंड बॉक्स ऑफिस ही माना जाता है. वो किसी फिल्म का रिपोर्ट कार्ड है जिसमें पास होना उतना ही जरूरी हो गया है जितना किसी फिल्म का लोगों के दिलों में घर करना.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.
Read More