
Live मैच में पड़ा गया पति-पत्नी का खेल. (फोटो- GETTY)
The Hundred 2026: इंग्लैंड में खेले गए द हंड्रेड 2026 टूर्नामेंट के दौरान लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर सुरक्षा और एंटी-करप्शन अधिकारियों ने अवैध सट्टेबाजी से जुड़ी एक बड़ी गतिविधि को नाकाम किया. ये घटना लंदन स्पिरिट और एमआई लंदन के बीच खेले गए मेंस डर्बी मैच में घटी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुकाबले के शुरू होने के सिर्फ 30 मिनट के अंदर स्टैंड्स में बैठे एक पति-पत्नी को संदिग्ध गतिविधियों के चलते मैदान से बाहर कर दिया गया. यह कपल स्टेडियम के अंदर बैठकर बाहर सट्टेबाजी नेटवर्क को बॉल-बाय-बॉल अपडेट भेज रहा था. यानी पिच-साइडिंग की घटना के चलते इस कपल के खिलाफ एक्शन लिया गया.
क्या है पिच-साइडिंग और सट्टेबाज कैसे उठाते हैं फायदा?
स्टेडियम के अंदर से लाइव एक्शन की जानकारी तुरंत बाहर बैठे सट्टेबाजों तक पहुंचाने को पिच-साइडिंग या कोर्ट-साइडिंग कहा जाता है. दरअसल, टीवी या डिजिटल ब्रॉडकास्ट में मैदान पर घटने वाली घटना और स्क्रीन पर दिखने के बीच 10 से 12 सेकंड के समय का अंतर होता है. सट्टेबाज इस 12 सेकंड की देरी का फायदा उठाकर सट्टा बाजार में भाव बदलने से पहले ही दांव लगा देते हैं.
हालांकि यह प्रक्रिया तकनीकी रूप से गैरकानूनी नहीं है, लेकिन यह स्टेडियम और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के ग्राउंड नियमों का सीधा उल्लंघन है, जिसके पकड़े जाने पर फैंस को तुरंत बाहर कर दिया जाता है और स्टेडियम में फिर से एंट्री पर बैन लगाने का नियम भी है.
तीसरी बार पकड़ा गया यह जोड़ा
यह पहली बार नहीं था जब इस कपल को स्टेडियम से बाहर निकाला गया हो. इससे पहले द हंड्रेड 2026 के दौरान ही वो साउदर्न ब्रेव के खिलाफ मुकाबले में लॉर्ड्स से और इससे पहले एजबेस्टन में टी20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दौरान भी पकड़े गए थे. वेन्यू-वाइड बैन के बावजूद यह जोड़ा थर्ड-पार्टी टिकटों का इस्तेमाल करके बार-बार मैदान में एंट्री करने में कामयाब रहा था. बता दें, ये एक्शन क्रिकेट रेगुलेटर की ओर से लिया गया. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से फंडेड क्रिकेट रेगुलेटर की स्थापना दिसंबर 2023 में की गई थी. इसका काम खेल को एंटी-करप्शन, सेफगार्डिंग और एंटी-डोपिंग से बचाना है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More