September 30, 2026

12 साल बाद भारत में लॉन्च हुआ Apple Pay, यूजर्स ऐसे कर सकते हैं पेमेंट

12 साल बाद भारत में लॉन्च हुआ Apple Pay, यूजर्स ऐसे कर सकते हैं पेमेंट

iPhone से पेमेंट का बदलेगा तरीका! 12 साल बाद भारत आया Apple Pay, Axis Bank बना पार्टनर

भारत में आखिरकार लंबे इंतजार के बाद Apple Pay लॉन्च कर दिया गया है. कई महीनों से चल रही खबरों और अटकलों के बाद Apple ने बुधवार को देश में अपनी Tap-to-Pay सर्विस लॉन्च कर दी. सबसे खास बात यह है कि Apple Pay को अमेरिका में पहली बार सितंबर 2014 में पेश किया गया था. यानी करीब 12 साल बाद इसकी भारत में एंट्री हुई है.

भारत में Apple ने Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के साथ की है. फिलहाल यूजर्स Axis Bank की तरफ से जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को ही Apple Pay में जोड़ सकते हैं. कंपनी का कहना है कि यूजर्स की पेमेंट और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है.

iPhone, iPad और Apple Watch से कर सकेंगे पेमेंट

Apple Pay फिलहाल चुनिंदा Apple डिवाइस पर उपलब्ध है. यूजर्स iPhone, iPad और Apple Watch की मदद से पेमेंट कर सकते हैं. कंपनी ने बताया है कि आगे चलकर Mac डिवाइस पर भी Apple Pay का सपोर्ट दिया जाएगा.

Apple Pay की मदद से यूजर्स दुकानों पर बिना कार्ड निकाले पेमेंट कर सकेंगे. इसके अलावा ऑनलाइन मर्चेंट्स को पेमेंट करने और ऐप के अंदर खरीदारी के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. फिजिकल स्टोर पर पेमेंट करने के लिए दुकान के PoS मशीन में NFC यानी Tap-to-Pay की सुविधा होनी चाहिए. ऐसी मशीन पर यूजर अपने Apple डिवाइस को टैप करके पेमेंट कर सकता है.

हर बार PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं

Apple Pay में पेमेंट करने का तरीका काफी आसान है. NFC वाली PoS मशीन पर iPhone, Apple Watch या दूसरे सपोर्टेड Apple डिवाइस को टैप करने पर पेमेंट हो जाता है. कंपनी के मुताबिक, checkout के समय अलग से PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं पड़ती.

हालांकि, पेमेंट की सुरक्षा Apple के डिवाइस सिक्योरिटी सिस्टम से जुड़ी रहती है. यानी सिर्फ फोन को PoS मशीन के पास ले जाने से कोई भी व्यक्ति आपके कार्ड की जानकारी हासिल नहीं कर सकता.

Apple Pay में कार्ड नंबर सेव नहीं होता

Apple के मुताबिक, Apple Pay इस्तेमाल करने पर आपका असली कार्ड नंबर न तो डिवाइस में सेव किया जाता है और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है. पेमेंट के दौरान यह कार्ड नंबर दुकानदार के साथ भी शेयर नहीं किया जाता.

इसके बजाय Apple एक Device Account Number (DAN) बनाता है. यह एक अलग और खास नंबर होता है, जिसे डिवाइस के Secure Element नाम के सुरक्षित चिप में एन्क्रिप्ट करके रखा जाता है. आसान भाषा में समझें तो Apple Pay आपके असली कार्ड नंबर को सामने लाए बिना पेमेंट करने का तरीका इस्तेमाल करता है.

Apple आपके ट्रांजैक्शन की जानकारी नहीं रखता

Apple का कहना है कि Apple Pay से किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी कंपनी अपने पास स्टोर नहीं करती. पेमेंट से जुड़ी जानकारी यूजर, दुकानदार और बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी के बीच रहती है.

Apple के मुताबिक, भारत में लॉन्च के साथ Apple Pay अब दुनिया के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है. दुनियाभर में इसके साथ 11,000 से ज्यादा बैंक और पेमेंट नेटवर्क पार्टनर जुड़े हुए हैं.

Apple Pay में कार्ड कैसे जोड़ें?

अगर आपके पास Axis Bank का Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो उसे Apple Pay में जोड़ना आसान है. इसके लिए आप Axis Bank ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए कार्ड को सीधे Apple Wallet में जोड़ सकते हैं.

इसके अलावा iPhone में Apple Wallet ऐप खोलकर+ बटन दबाएं. इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को फॉलो करके अपना Axis Bank क्रेडिट कार्ड जोड़ सकते हैं. कार्ड जुड़ने के बाद, जहां NFC वाली PoS मशीन उपलब्ध होगी, वहां Apple डिवाइस को टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा.फिलहाल Apple Pay की भारत में शुरुआत Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से हुई है. आगे चलकर Apple इस सर्विस में और डिवाइस, कार्ड और बैंक जोड़ सकता है.

यह भी पढ़ें- बच्चे के Instagram पर रख सकते हैं नजर, लेकिन हर चीज नहीं! Meta का नियम जानिए

बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सरकार का बड़ा कदम! अकाउंट बनाने पर लग सकती है पाबंदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button