Published: Saturday, October 24, 2026, 16:55 [IST]
दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को 18 साल की छात्रा स्कूल में जली हुई हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक छात्रा के बैग से तीन पन्नों के सुसाइड नोट मिले हैं। इनमें उसने लिखा कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पारिवारिक हालात से लेकर स्कूल में किसी विवाद और प्रेम प्रसंग के एंगल तक, मामले की जांच की जा रही है।
स्कूल में क्या हुआ था? पानी पीने जाने की बात कहकर निकली थी छात्रा
यह घटना शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय स्कूल की है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा छठे पीरियड के बाद क्लास से यह कहकर निकली थी कि वह पानी पीने जा रही है। इसके करीब दो-तीन मिनट बाद स्कूल में चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो छात्रा पानी की टंकी के पास गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली।
पुलिस ने उसे डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। छात्रा के स्कूल बैग से भी कुछ सामान मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
तीन पन्नों के सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस को छात्रा के बैग से तीन सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक नोट में कथित तौर पर लिखा है कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। पुलिस नोट में लिखी बातों और दूसरे सुरागों की पड़ताल कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने साथ बोतल में कोई ज्वलनशील पदार्थ लेकर स्कूल पहुंची थी। पुलिस को आशंका है कि उसने किसी केमिकल का इस्तेमाल किया। हालांकि, पदार्थ की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
परिवार से लेकर प्रेम प्रसंग तक, पुलिस किन पहलुओं की जांच कर रही?
पुलिस यह पता लगा रही है कि छात्रा किसी पारिवारिक तनाव से गुजर रही थी या स्कूल में किसी तरह का विवाद हुआ था। सुसाइड नोट में किसी लड़के का जिक्र होने की बात भी सामने आई है। इसी वजह से पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है।
छात्रा घोंडली गांव की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक, वह दिल्ली में अपनी बहन के साथ रहती थी, जबकि उसके माता-पिता गांव में रहते हैं। परिवार ने उसकी उम्र 17 साल बताई है, जबकि पुलिस की शुरुआती जानकारी में उम्र 18 साल बताई गई है। 25 अक्टूबर को उसकी जन्मतिथि थी।
शाहदरा की इस घटना पर विधायक अनिल गोयल ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "उसने क्यों सुसाइड किया, ये जांच का विषय है। पुलिस जांच कर रही है।" उन्होंने यह भी बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि छात्रा स्कूल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर कैसे पहुंची और घटना के वक्त वहां क्या हालात थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे