वन विभाग ने वाड़ाखेड़ा के 4,331 हेक्टेयर क्षेत्र को तालछापर की तर्ज पर विकसित करने की योजना तैयार की है। कंजर्वेशन रिजर्व में ब्लैकबग (काला हिरण) के संरक्षण के साथ नेचुरल सफारी ट्रैक विकसित किया जाएगा।
.
क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए दूसरे चरण में 12 करोड़ रुपए का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित कार्य शुरू होंगे। वाड़ाखेड़ा के जंगल में जूलीफ्लोरा (अंग्रेजी बबूल) हटाकर घास के मैदान विकसित करने का काम चल रहा है।
पहले चरण में स्वीकृत 2 करोड़ से 5 किमी चारदीवारी का निर्माण और ब्लैकबग के प्रजनन के लिए क्लोजर तैयार किए हैं। वन्यजीवों के लिए पेयजल की व्यवस्था के तहत पाइपलाइन का काम जारी है। वर्ष 2022 में वाड़ाखेड़ा के जंगल को कंजर्वेशन रिजर्व घोषित किया गया था। इसके बाद 4,331 हेक्टेयर क्षेत्र के विकास के लिए 10 साल की योजना तैयार की। प्रथम चरण के अधिकांश कार्य पूरे हो गए । अब दूसरे चरण में पर्यटन सुविधाओं के साथ वन्यजीव संरक्षण से जुड़े काम प्रस्तावित हैं। कंजर्वेशन रिजर्व की 32 किमी परिधि में चारदीवारी प्रस्तावित है। इसमें पहले 8 किमी दीवार बन चुकी है, जबकि प्रथम चरण में 5 किमी अतिरिक्त निर्माण किया गया। अब करीब 19 किमी चारदीवारी का काम बाकी है। क्षेत्र में मोरली, वेरावीलपुर, गोयली, नवाखेड़ा, ऐवड़ी, गोल, मांडवा और पाड़ीव सहित 9 ग्राम पंचायतों के गांव शामिल हैं। ग्रामीणों के मवेशियों के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही हर साल 500 हेक्टेयर क्षेत्र से जूलीफ्लोरा हटाकर उसकी जगह घास विकसित करने की योजना है। ब्लैकबग की ब्रीडिंग के लिए क्लोजर : वाड़ाखेड़ा में ब्लैकबग को शिकारियों से सुरक्षित रखा जाएगा और जोड़ों को रखकर ब्रीडिंग कराई जाएगी। क्लोजर से जूलीफ्लोरा हटाकर घास विकसित की जाएगी। घास का मैदान तैयार होने के बाद इनमें ब्लैकबग छोड़ेंगे। ^प्रथम चरण के काम पूरे हो चुके हैं। अब दूसरे चरण के लिए 12 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार कर सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित कार्य शुरू किए जाएंगे। -अजीत ऊचोई, डीएफओ { 1,000 हेक्टेयर में घास के मैदान विकसित करना { 7 किमी लंबी और 6 फीट ऊंची चारदीवारी { 1 वन्यजीव एवं पशु बचाव केंद्र { 20 वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं { 10 वाटर पॉइंट { 20 किमी नेचुरल सफारी ट्रैक { 3 प्रवेश द्वार { 2 फायर वॉच टावर { 1 नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर { 50 सूचनात्मक साइनबोर्ड