रोहतक के हुडा कॉम्प्लेक्स में समर्पण यूथ क्लब की ओर से 12वें गणेश उत्सव की शुरुआत हुई, जहां सवा 11 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। शहर के दुर्गा भवन मंदिर में भी मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित कर भव्य पंडाल सजाया गया है, जिसका बीमा भी कराया गया है।
रोहतक के हुडा कॉम्प्लेक्स में सवा 11 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा की गई स्थापित।
- Published: 14 Sep 2026, 05:00 PM IST
- Last Updated: 14 Sep 2026, 05:00 PM IST
रोहतक के हुडा कॉम्प्लेक्स में 12वें गणेश उत्सव की शुरुआत: शहर के हुडा कॉम्प्लेक्स में समर्पण यूथ क्लब की ओर से 12वें गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। उत्सव के लिए भव्य पंडाल सजाया गया है, जहां सवा 11 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। गणेश उत्सव के शुभारंभ से पहले कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 1100 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए। बाबा कर्णपुरी ने कलश यात्रा का शुभारंभ किया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
10 दिनों तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम
समर्पण यूथ क्लब के प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान 10 दिनों तक अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
14 और 15 सितंबर को भजन संध्या होगी। 16 सितंबर को झांकी निकाली जाएगी। 17 सितंबर को वीरु मस्ताना की ओर से भजन संध्या और 18 सितंबर को प्रेम संकीर्तन मंडल की ओर से कीर्तन किया जाएगा। 19 सितंबर को राधा-कृष्ण की झांकी निकाली जाएगी।
इसके बाद 20 सितंबर को महाकाली की झांकी और 21 सितंबर को अनु हरियाणवी की ओर से भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। 22 सितंबर को विवेक गोयल और गर्वित वर्मा भजनों के माध्यम से गणपति का गुणगान करेंगे। 23 सितंबर को मोनू सलीम की भजन संध्या होगी।
24 सितंबर को अघोरी की झांकी, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ उत्सव का समापन होगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्सनल सिक्योरिटी
प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए पर्सनल सिक्योरिटी तैनात की गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु सुबह और शाम गणपति बप्पा की आरती करेंगे। इस दौरान पूरे पंडाल में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंजेंगे।
बाबा कर्णपुरी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बाबा कर्णपुरी ने कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं को एक पौधा लगाना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सके।
उन्होंने श्रद्धालुओं से इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित करने की अपील भी की। बाबा कर्णपुरी ने कहा कि गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ शामिल होकर भगवान गणेश से मनोकामना मांगनी चाहिए।
दुर्गा भवन मंदिर में भी भव्य आयोजन
गणेश उत्सव को लेकर दुर्गा भवन मंदिर में भी भव्य पंडाल सजाया गया है। यहां मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा को विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे और बाउंसर तैनात किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही भव्य पंडाल का बीमा भी करवाया गया है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।