August 24, 2026

पंजाब बदलाव के लिए तैयार, सभी 117 सीटों पर BJP लड़ेगी चुनाव... बीएल संतोष का बड़ा ऐलान

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपना सियासी अभियान तेज कर दिया है. पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस बार राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनावी मैदान में उतरेगी. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष सोमवार से दो दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे. अपने दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास के पहले दिन पटियाला में आयोजित पहली जोनल बैठक को संबोधित किया. भाजपा पंजाब के अध्यक्ष केवल सिंह और राज्य संगठन महासचिव मंत्री श्रीनिवासुलु भी उनके साथ मौजूद हैं. उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और ऐलान किया कि पार्टी पंजाब में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

बीएल संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और भाजपा इस बदलाव को साकार करने के लिए पूरी तरह तैयार है. आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करते हुए प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी.

अपने प्रवास के दौरान बीएल संतोष पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में बीजेपी नेताओं एवं संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ जोनल बैठकों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे.

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा प्रदेश के लोगों तक पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा.

बीएल संतोष ने सोमवार को पटियाला और बठिंडा में संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की. 25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल बैठकें आयोजित की जाएंगी. अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ एक अलग बैठक भी होगी.

इन बैठकों का उद्देश्य पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन के कामकाज की समीक्षा करना तथा जमीनी स्तर पर संगठनात्मक तैयारियों, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को और मजबूत करना है.

पंजाब की सभी सीटों पर बीजेपी की नजर

इन बैठकों में भाजपा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को संगठित करने और जमीनी स्तर पर चुनाव की तैयारियों को तेज करने पर जोर दे रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को चुनाव रणनीति और जनता तक पहुंच बढ़ाने के संबंध में दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं.

इस दौरे के दौरान अमृतसर और पठानकोट समेत कई स्थानों पर पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. भाजपा पंजाब के प्रमुख नेता और पदाधिकारी भी विशेष रूप से इन बैठकों में शामिल हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें- पंजाब BJP: केवल सिंह ढिल्लों ने किया नई टीम का ऐलान, इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button