August 24, 2026

पंजाब चुनाव को लेकर भाजपा ने कर दिया बड़ा ऐलान, सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी - India TV Hindi

पंजाब में विधानसभा चुनाव का समय पास आ रहा है। ऐसे में चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर चुके हैं और अपनी-अपनी तैयारियों को तेज कर रहे हैं। इस बीच अब भारतीय जनता पार्टी ने भी पंजाब चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। भाजपा ने कहा है कि वह पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने इस बात की जानकारी दी है।

पंजाब के दौरे पर हैं बीएल संतोष

आपको बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएल संतोष सोमवार से पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे का मकसद पार्टी के संगठन के कार्यों की समीक्षा करना और राज्य में जमीनी स्तर पर समन्वय एवं तैयारियों को मजबूत करना है। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने का अनुमान है। हाल ही में भाजपा ने सतीश पूनिया के तौर पर पंजाब में नए प्रभारी की नियुक्ति भी की है। 

क्या बोले बीएल संतोष?

ANI के मुताबिक, पार्टी की एक विज्ञप्ति में बीएल संतोष ने कहा- "पंजाब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और बीजेपी इस बदलाव को हकीकत में बदलने के लिए पूरी तरह तैयार है। आगामी विधानसभा चुनावों में, बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल कर राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।"

भाजपा-अकाली गठबंधन के लग रहे थे कयास

आपको बता दें कि बीते कुछ समय से पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के कयास लगाए जा रहे थे। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने हाल ही में कहा था- "गुरु साहिब कृपा करें। बोलना मेरा काम नहीं है, इसलिए मैं अपनी जुबान रोक रही हूं। आपको खुद ही पता चल जाएगा।'' हरसिमरत ने कहा, ''ईश्वर हम पर कृपा करें और लोग हमें हिम्मत दें। ऐसे समझौतों के जरिए, जिनसे विकास और तरक्की से जुड़े काम दिल्ली से किए जाते थे, एक बार फिर पंजाब में उसी विकास और तरक्की की नींव रखी जा रही है, जिससे पंजाब और पंजाब के लोगों को लाभ होगा।"

अगस्त महीने की शुरुआत में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके ऑफिस में मुलाकात की थी। इसके अलावा पार्टी ने महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग की थी और परिसीमन का भी समर्थन किया था। इसके बाद से ही भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के कयास लगाए जाने लगे थे।

ये भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व CM चन्नी ने कॉलेज की परीक्षा देने के लिए CWC मीटिंग छोड़ी, फोटो वायरल होने पर उठे सवाल

पंजाब में फिर क्यों गरमाने लगी पंथक राजनीति? 2027 के चुनावों से पहले मिल रहे बड़े संकेत

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।