July 27, 2026

भारतीय सीमा पर मंडराया ‘माइटी ड्रैगन’ का खतरा, चीन ने तैनात किए 11 सबसे आधुनिक J-20 स्टील्थ फाइटर जेट

नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के करीब चीन अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने की खतरनाक चालें चल रहा है। ‘वैंटॉर’ की ओर से जारी ताजा सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण से सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि चीन ने जून के अंत और जुलाई की शुरुआत में भारत से सटे दो प्रमुख एयरबेस पर अपने 11 सबसे घातक और पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट J-20 ‘माइटी ड्रैगन’ की तैनाती कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन सर्व-आधुनिक लड़ाकू विमानों का रुख सीधे तौर पर भारत के लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के इलाकों को निशाना बनाने की दिशा में है।

लद्दाख के DBO और लेह से बेहद करीब दिखे 7 ‘माइटी ड्रैगन’

सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार, शिनजियांग प्रांत में स्थित होतान एयरबेस पर 9 जुलाई को एक साथ 7 J-20 फाइटर जेट रनवे पर खड़े दिखाई दिए हैं। यह पहला मौका है जब किसी मीडिया सैटेलाइट इमेज में इतनी बड़ी संख्या में J-20 स्टील्थ विमानों को एक साथ देखा गया है। रणनीतिक दृष्टि से यह इलाका भारत के लिए बेहद संवेदनशील है, क्योंकि होतान एयरबेस लद्दाख के लेह से करीब 389 किलोमीटर और उत्तर लद्दाख में भारतीय वायु सेना की सबसे महत्वपूर्ण हवाई पट्टी ‘दौलत बेग ओल्डी’ (DBO) से महज 245 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

अरुणाचल के तवांग को निशाना बनाने के लिए तिब्बत में 4 स्टील्थ जेट तैनात

होतान एयरबेस के अलावा तिब्बत के ल्हासा क्षेत्र में स्थित दमशुंग एयरबेस पर भी 4 J-20 फाइटर जेट्स स्पॉट किए गए हैं। यह एयरबेस अरुणाचल प्रदेश के रणनीतिक क्षेत्र तवांग से लगभग 344 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। चीनी सेना द्वारा भारतीय सीमा के इतने करीब अपने सबसे एडवांस स्टील्थ फाइटर जेट्स की मौजूदगी बढ़ाए जाने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां और वायु सेना पूरी तरह सतर्क हैं और सीमा पार की हर हलचल पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

You Might Be Interested In

  • ज्ञानेश्वरी यादव: बहुत कम उम्र में शुरू की वेटलिफ्टिंग, CWG 2026 में देश के लिए जीता सिल्वर
  • जेब में जल्द आएंगे प्लास्टिक के नोट, 10 और 20 रुपए के पॉलीमर नोटों पर सरकार की हरी झंडी
  • विजय थलपति को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, करूर भगदड़ पीड़ितों को सरकारी नौकरी देने पर लगी रोक
  • जंतर-मंतर हिंसा: छात्रों पर दर्ज केस वापसी पर क्यों फंसा पेंच? CJP ने दी फिर से बड़े आंदोलन की चेतावनी
  • राम मंदिर केस: SC का जांच की सीधी मॉनिटरिंग से इनकार, SIT में CA शामिल करने का दिया आदेश
  • दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट से निकलने लगा धुआं, पायलट की इस सूझबूझ से बची सैकड़ों यात्रियों की जान