Flood havoc in Odisha :ओडिशा में लगातार बारिश के चलते कई उत्तरी जिलों में शुक्रवार (14 अगस्त ) को भारी बारिश के चलते बाढ़ का संकट और गहरा गया. नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से गांव, खेत और सड़कें पानी में डूब गईं. कई जगह यातायात बाधित हो गया, जबकि लोग घरों की छतों और तटबंधों पर शरण लेने को मजबूर हैं. बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ समेत कई जिले प्रभावित हैं.
11 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने ओडिशा के 11 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तरी ओडिशा में 17 अगस्त तक और पश्चिमी हिस्सों में 15 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है.
मयूरभंज में बुधाबलंगा नदी उफान पर
मयूरभंज जिले में बुधाबलंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बेतनटी ब्लॉक के कई इलाके जलमग्न हो गए. करीब 16 ग्राम पंचायतों में खेत, सड़कें और गांव प्रभावित हुए हैं. नखरा पुल के पास पुराने और कमजोर पुल के ऊपर करीब तीन फीट पानी बह रहा है, जिससे बैसिंगा-मानत्री-उदला मार्ग पर यातायात पूरी तरह रुक गया.
जाजपुर में चौथी बार बाढ़
जाजपुर जिले में बैतरणी नदी की इस सीजन की चौथी बाढ़ ने दशरथपुर ब्लॉक के कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है. लगातार बाढ़ से सैकड़ों परिवारों की परेशानी बढ़ गई है. कई परिवार करीब एक महीने से बार-बार जलभराव झेल रहे हैं और कुछ लोग अब भी घर लौट नहीं पाए हैं.
एक महीने में चार बार तबाही
पहली बाढ़ 6 जुलाई को कानी नदी के कांटापाड़ा में तटबंध टूटने के बाद आई थी. 28 जुलाई को दूसरी बाढ़ में डोवाबिल पटना और बैतरणी रिंग तटबंध के पास तटबंध टूटे. 8 अगस्त की तीसरी बाढ़ में मरम्मत किए गए हिस्से फिर टूट गए. अब चौथी बाढ़ ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। प्रभावित परिवार छतों या नदी किनारे तिरपाल के नीचे रह रहे हैं.
क्योंझर और बालासोर में भी संकट
क्योंझर के तेलकोई ब्लॉक में भारी बारिश से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ. कई पुलों और सड़कों पर पानी बहने लगा. तेलकोई-जगमोहनपुर मार्ग पर हनुमंतिया नहर का पानी करीब तीन फीट ऊपर आने से रास्ता बंद हो गया. वहीं बालासोर के पांच ब्लॉक भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं.
राउरकेला में भारी जलभराव
राउरकेला शहर का लगभग पूरा इलाका जलभराव की चपेट में रहा. सिविल टाउनशिप, बसंती कॉलोनी, छेंड कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी और पावर हाउस सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं. बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शहर में 105.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
डिप्रेशन से और बढ़ सकती है मुश्किल
भुवनेश्वर मौसम केंद्र के अनुसार, तटीय पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से उत्तरी ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.
कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़ और संबलपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. बालासोर, देवगढ़, अंगुल, क्योंझर, मयूरभंज, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा और बलांगीर में भी भारी बारिश का अनुमान है. शनिवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, नुआपाड़ा और बलांगीर में फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
ये भी पढ़ें: मूसलाधार बारिश के कारण बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय की सड़कें और गलियां जलमग्न, दुकानों में घुसा पानी