- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sambhal
- Son Carries 105 Year Old Mother On Kanwar Yatra From Haridwar To Sambhal
सनी गुप्ता, संभल10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

श्रावण माह में देशभर में कांवड़ यात्रा जारी है, जिसमें लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर आ रहे हैं। इसी क्रम में संभल के एक शिवभक्त ने मातृसेवा और आस्था का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। 52 वर्षीय जोगिंदर अपनी 105 वर्षीय मां हरदेई को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे हैं।
जोगिंदर ने अपने बेटे प्रमोद के साथ यह यात्रा सावन माह के दूसरे सोमवार की शाम 6 बजे पूरी की। वे संभल जनपद की चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव के निवासी हैं। उनकी कांवड़ के एक पलड़े में 28 लीटर गंगाजल था, जबकि दूसरे में उनकी 105 वर्षीय मां हरदेई बैठी थीं।
यह अनोखी कांवड़ जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों ने नमन किया। जोगिंदर के संभल पहुंचने पर सड़क किनारे श्रद्धालुओं और राहगीरों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे रास्ते लोग उनकी मातृभक्ति और शिवभक्ति की सराहना करते रहे।
जोगिंदर ने बताया कि उनका सपना अपनी 105 वर्षीय मां को हरिद्वार में गंगा स्नान कराना था। इसी सपने को पूरा करने के लिए वे अपने बेटे के साथ हरिद्वार गए। वहां से कांवड़ के एक पलड़े में गंगाजल और दूसरे में मां को बैठाकर पैदल ही लौटे।
पुलिस-प्रशासन ने की हमारी मदद- शिव भक्त
हरिद्वार से संभल तक की यह लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा 28 जुलाई को शुरू हुई थी और 9 दिन बाद पूरी हुई। जोगिंदर के अनुसार, इस कांवड़ का कुल वजन 65 किलोग्राम था, जिसमें 28 लीटर गंगाजल शामिल था। वे शिव तेरस पर अपनी मां के साथ गंगाजल भोले बाबा को अर्पित करेंगे।
पोते प्रमोद ने बताया कि उनका और उनके पिता का भी सपना था कि वे अपनी दादी को एक बार गंगा स्नान कराएं। उन्हें इस बार यह अवसर मिला और उन्होंने अपने पिता का पूरा सहयोग किया। प्रमोद ने कहा कि यह आस्था ही थी जिसके बल पर वे इस भारी कांवड़ को लेकर आ सके और उनका सपना पूरा हुआ।
मां हरदेई ने बेटे और पोते के इस कार्य पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके बेटे और पोते ने बहुत बढ़िया काम किया है, जिससे उन्हें बहुत खुशी मिली है। यह कहते हुए वे भावुक हो गईं।
ब्लॉक बहजोई के गांव रायपुर कलां के आदित्य राघव ने कहा कि 10 किलो वजन से अधिक का भोला है और हरिद्वार से इसे लेकर हम तीन लोग चले हैं। यही कामना है कि अगली बार भी योगी सरकार आए क्योंकि पहले रात में कावड़ आने में दिक्कत होती थी अब कोई दिक्कत नहीं है और जगह-जगह पुलिस प्रशासन हमारे लिए तैयार मिला है।
.