July 13, 2026

मुजफ्फरपुर को 1047 करोड़ की योजनाओं की सौगात: एमआईटी में बनेगा आर्किटेक्चर एंड सिविल इंजीनियरिंग विवि : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी - Patna News

पटना35 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बिहार को आधुनिक और विकसित बनाने की दिशा में रविवार को मुजफ्फरपुर से एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नगर विकास एवं आवास विभाग की 1047.09 करोड़ रुपए की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्‌घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि शहर के एमआईटी परिसर में ‘आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय’ की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि पताही एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का शिलान्यास अगले 10 दिनों में कर दिया जाएगा।

कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री ने दो बड़े प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर बनने से दोनों शहरों की दूरी मात्र 40 मिनट रह जाएगी। वहीं, हल्दिया-रक्सौल हाईवे बनने से मुजफ्फरपुर से कोलकाता का सफर सिर्फ 6 घंटे में तय होगा। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है और सरकार भ्रष्टाचार पर ’जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने एमआईटी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 673 योजनाओं का उद्घाटन और 309 योजनाओं का शिलान्यास किया।

पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास 10 दिन में 1 करोड़ राशन कार्ड: जो गरीब परिवार छूट गए हैं, ऐसे करीब 1 करोड़ नए परिवारों को चिह्नित कर उन्हें राशन कार्ड से जोड़ा जाएगा। जीविका दीदियों को फंड: 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों के खाते में स्वरोजगार के लिए राशि भेजी गई है, शेष को 100 दिन पूरे होने पर लाभ मिलेगा।

किसानों को बिजली: खेती के लिए किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक निर्बाध बिजली मिलेगी।

शिकायत निवारण: हर महीने के दूसरे मंगलवार को सीएम खुद पटना में शिकायतें सुनेंगे। जो सहयोग शिविर से संतुष्ट नहीं है वे यहां आएं। सांस्कृतिक धरोहर: सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर निर्माण के लिए सीएम ने केंद्र और नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया।

मुजफ्फरपुर उ. बिहार का ‘ग्रोथ इंजन’

​मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुजफ्फरपुर दौरे के कई बड़े आर्थिक और रणनीतिक मायने हैं

1 एजुकेशन-पलायन पर वार: एमआईटी में नई यूनिवर्सिटी की घोषणा मुजफ्फरपुर को फिर से उत्तर बिहार का सबसे बड़ा एजुकेशन हब बनाने की तैयारी है, जिससे छात्रों का पलायन रुकेगा।

2 कमर्शियल हब बनाने की तैयारी: रैपिड रेल और कोलकाता से सीधी तेज कनेक्टिविटी (हाईवे) से मुजफ्फरपुर को पूर्वी भारत का कमर्शियल और लॉजिस्टिक्स सेंटर बनाने का लक्ष्य है।

3 वोट बैंक की पक्की घेरेबंदी: 1 करोड़ नए राशन कार्ड, जीविका दीदियों को आर्थिक मदद और किसानों को दिन में बिजली-ये तीनों कदम गांवों और महिलाओं को साधने का मास्टरस्ट्रोक हैं।

.