देश
- Reported by: सुहैल नाजिर भट्टEdited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jul 22, 2026, 06:53 PM IST
Jammu Kashmir Search Operation: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। इस घटना के बाद दक्षिण कश्मीर में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
![]()
जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान तेज
Photo :
PTI
Jammu Kashmir Search Operation: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। इस घटना के बाद दक्षिण कश्मीर में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा बलों ने व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया और पूरे कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दक्षिण कश्मीर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जबकि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच और तलाशी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर में हजार से अधिक ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए कुछ लोगों के पूर्व में आतंकी गतिविधियों से संबंध रहे हैं। इसके साथ ही आतंकवाद विरोधी अभियानों को भी तेज कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
अनंतनाग के लाल चौक में बुधवार को दोपहर करीब 12:30 बजे गोलीबारी हुई। इस दौरान, अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हवलदार आशिक हुसैन हमले में घायल हो गए और उन्हें अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हुसैन को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और हमलावरों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। लश्कर-ए-तैयबा के एक सहयोगी संगठन, 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की ज़िम्मेदारी ली है। इस आतंकी हमले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें गोलीबारी और उसके बाद इलाके में मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है।
LG सिन्हा ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले के बाद पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात से बात कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने हवलदार आशिक हुसैन कुरैशी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश शहीद के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य कृत्य को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
CM अब्दुल्ला ने की आतंकी हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग इलाके में हुए कायराना आतंकी हमले में ड्यूटी के दौरान हवलदार आशिक हुसैन की मौत से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि हुसैन ने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया।
![]()
अनुराग गुप्ताauthor
अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article