September 30, 2026

उन्नाव में पेड़ से लटका मिला युवक का शव: 100 मीटर दूर मिली बाइक, परिजन बोलें - फॉरेंसिक जांच के बाद ही उतरेगी बॉडी - Hasanganj (Unnao) News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Unnao
  • Hasanganj
  • Unnao Youth Death Case | Family Alleges Murder Demands Forensic Probe

हसनगंज, उन्नाव2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरियारी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका पाया गया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अतुल रावत (पुत्र लल्लू रावत) के रूप में हुई है। अतुल का शव गांव से करीब 800 मीटर दूर स्थित छिद्दू के आम के बाग में फांसी के फंदे से झूलता मिला।

घटना की जानकारी जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

मंगलवार रात से लापता था युवक

मृतक के छोटे भाई अनिल कुमार के अनुसार, अतुल मंगलवार देर रात से ही अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने मंगलवार देर रात ही हसनगंज थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह जब ग्रामीण बाग की तरफ गए, तो अतुल का शव फंदे से लटकता देखा। घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर अतुल की बाइक भी खड़ी पाई गई, जिससे मामले में हत्या की आशंका और गहरा गई है।

परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा, बुलाई गई फॉरेंसिक टीम

घटना की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। परिजनों ने साफ तौर पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव पेड़ से उतारने से रोक दिया। उनकी मांग थी कि डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जाएं, जिसके बाद ही शव को नीचे उतारा जाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। कोतवाल शरद कुमार ने बताया, "युवक का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला है। परिजनों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

पुलिस फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर अतुल की आखिरी बार किससे बात हुई थी और रात में वह किससे मिलने गया था, इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

.