September 16, 2026

झीरम घाटी हमले के 10 दोषी करार : NIA कोर्ट आज 13 साल बाद सुनाएगी सजा, अभियोजन ने की मृत्युदंड की मांग - Haribhoomi

झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में दोषी ठहराए गए 10 आरोपियों को आज जगदलपुर की NIA स्पेशल कोर्ट सजा सुनाएगी, वहीं अभियोजन ने मृत्युदंड की मांग की है।

Sentencing in the Jhiram Ghati attack case

झीरम घाटी हमले के मामले में आज सजा का ऐलान

  • Published: 16 Sep 2026, 10:21 AM IST
  • Last Updated: 16 Sep 2026, 11:11 AM IST

अशोक नायडू - जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में आज होगा सजा का ऐलान, 5 सितंबर को जगदलपुर स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने मामले में बचे 10 आरोपियों को दोषी करार दिया था। अब कोर्ट इन दोषियों को सजा सुनाएगी। वहीं अभियोजन पक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग की है। बताया जा रहा है कि अदालत दोपहर तक सजा का फैसला सुना सकती है।

25 मई 2013 को हुआ था झीरम घाटी हमला
25 मई 2013 को सुकमा से लौट रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को दरभा थाना क्षेत्र की झीरम घाटी में माओवादियों ने निशाना बनाया था। घात लगाकर किए गए इस हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों समेत 32 लोगों की मौत हुई थी। हमले में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत कई लोगों की जान गई थी। इस घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर कर रख दिया था।

13 साल बाद 10 आरोपी दोषी करार
झीरम मामले की न्यायिक प्रक्रिया करीब 13 वर्षों तक चली। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 101 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। मामले के शुरुआत में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई। इसके बाद शेष 10 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा जारी रहा। विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत ने 5 सितंबर को मामले में सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया। एनआईए की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और दोनों पक्षों की दलीलों के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। दोषसिद्धि के बाद बचाव पक्ष ने ऊपरी अदालत में अपील करने की बात कही है। अब आज अदालत द्वारा दोषियों को दी जाने वाली सजा पर फैसला सुनाया जाएगा।

आज सजा पर आएगा फैसला
मामले में अभियोजन पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों और घटना की भयावहता का हवाला देते हुए मृत्युदंड दिए जाने की मांग कोर्ट से की है। हालांकि, अंतिम फैसला अदालत द्वारा सुनाया जाएगा। करीब 13 साल पुराने इस मामले में दोषसिद्धि के बाद अब सभी की निगाहें जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत पर टिकी हैं। अदालत आज 16 सितम्बर को 10 दोषियों की सजा का ऐलान करेगी। सजा का फैसला दोपहर तक आने की संभावना बताई जा रही है।