मुजफ्फरपुर दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पताही एयरपोर्ट के शिलान्यास की घोषणा की। साथ ही MIT में सिविल यूनिवर्सिटी और विकास की 982 योजनाओं का तोहफा दिया।
मुजफ्फरपुर दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पताही एयरपोर्ट के शिलान्यास की घोषणा की।
- Published: 12 Jul 2026, 04:02 PM IST
- Last Updated: 12 Jul 2026, 04:02 PM IST
Muzaffarpur News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के एमआइटी (MIT) कैंपस में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान जिले को विकास की 982 नई योजनाओं की सौगात दी है। करीब 1047 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं से मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार की तस्वीर बदलने वाली है। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने शिक्षा से लेकर हवाई सेवा तक कई बड़े बदलावों की घोषणा की।
10 दिनों में पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास
उत्तर बिहार के निवासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई यात्रा का सपना अब धरातल पर उतरने वाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पताही एयरपोर्ट और रक्सौल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले 10 दिनों के भीतर पताही एयरपोर्ट के विकास कार्यों का शिलान्यास कर दिया जाएगा, जिससे जल्द ही उड़ानें शुरू हो सकेंगी।
MIT कैंपस में खुलेगा नया आर्किटेक्चर सिविल विश्वविद्यालय
शिक्षा जगत के लिए मुजफ्फरपुर को एक ऐतिहासिक तोहफा मिला है। सीएम ने ऐलान किया कि शहर स्थित एमआइटी (MIT) परिसर में ही एक नया 'आर्किटेक्चर सिविल विश्वविद्यालय' खोला जाएगा।
इससे न केवल स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार के 12 प्रमुख शहरों में नई टाउनशिप विकसित करने का खाका भी साझा किया।
मुजफ्फरपुर जिले के MIT मैदान में नगर विकास एवं आवास विभाग/BUIDCO द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया तथा ₹1,047.09 करोड़ की लागत से 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस दौरान सिकन्दरपुर लेक फ्रंट पहुँचकर ₹213.25 करोड़ की लागत से विकसित इस… pic.twitter.com/FmWchlZacF
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 12, 2026
अपराधियों को सीधी चेतावनी: बिहार छोड़ें या जेल जाएं
कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने अपराधियों को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बिहार अब तेजी से विकास की राह पर है और राज्य में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। अपराधियों को चेतावनी दी गई है कि या तो वे तुरंत बिहार छोड़ दें, अन्यथा उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
अधिकारियों को नसीहत और तेजस्वी पर पलटवार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि बिहार में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को ही सभी पेंशनभोगियों के खाते में पैसे भेज दिए गए हैं।
उन्होंने सरकारी अधिकारियों को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए अब 8-10 घंटे की ड्यूटी से काम नहीं चलेगा, अफसरों को 18-18 घंटे मुस्तैदी से काम करना होगा।
मां सीता का भव्य मंदिर बनेगा पर्यटन का मुख्य केंद्र
पर्यटन के क्षेत्र में बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन को उसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा जैसे अयोध्या में राम मंदिर के बाद वहां रोजगार और पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मां सीता के भव्य मंदिर की नींव रख दी है, जो भविष्य में पूरी दुनिया के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण और आस्था का केंद्र बनेगा।