.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ED से जुड़ी रही। ED ने ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के ऑफिस में रेड की। अधिकारियों के फोन जब्त कर उनसे पूछताछ की गई।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. ED ने चीफ इंजीनियर का ऑफिस सील किया

ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के मोहाली स्थित दफ्तर में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रेड की है। इस दौरान गमाडा के चीफ इंजीनियर का दफ्तर सील कर टीम ने जांच की।
बताया गया है कि ED की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। चीफ इंजीनियर के अलावा, एस्टेट ऑफिसर और अतिरिक्त मुख्य प्रशासक को कमरे में बुलाकर बारी-बारी से पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, ED की टीमें 3 गाड़ियों में यहां पहुंचीं।
ED गमाडा में हुए करीब 150 करोड़ रुपए के चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) घोटाले और फीस चूक मामले में सनटेक सिटी (न्यू चंडीगढ़) समेत कई प्रोजेक्टों की जांच कर रही है। इन प्रोजेक्टों को लेकर पिछले समय में दो बिल्डरों के ठिकानों पर भी रेड हुई थी। माना जा रहा है कि यह सारी कार्रवाई उसी मामले से जुड़ी है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. कारोबारी ने फ्री iPhone का ड्रॉ निकाला

चंडीगढ़ में पुलिस और प्रशासन की रोक के बावजूद कारोबारी राकेश त्रेहन ने iPhone का लंगर लगाया। इसमें 18 साल से बड़ी उम्र की महिलाओं के नाम से iPhone के 17 या उससे ऊपर के मॉडल ड्रॉ के जरिए निकाले गए।
सेक्टर-10 में अपने घर में कारोबारी राकेश त्रेहन ने मीडियाकर्मियों के सामने 15 महिलाओं के नाम से ड्रॉ निकाला। हालांकि, मौके पर इन आईफोन को लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा था, लेकिन कारोबारी का कहना है कि वह 10 महिलाओं के घर पर उनका आईफोन पहुंचाएंगे।
पिछली बार पेट्रोल के लंगर के वक्त प्रशासन ने कारोबारी त्रेहन को हिरासत में ले लिया था। क्योंकि, पेट्रोल के लंगर के दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिससे लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ने की नौबत आ गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. DA केस में चीफ सेक्रेटरी हाईकोर्ट में तलब

पंजाब में सरकारी मुलाजिमों के बकाया DA को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख दिखाया है। हाईकोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान चीफ सेक्रेटरी को तलब कर लिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। जिसमें चीफ सेक्रेटरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।
इससे पहले सुनवाई में हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से पूछा था कि उनके 15 दिन में बकाया DA देने के आदेश का क्या हुआ?, इसके जवाब में सरकार ने कहा था कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई शुरू करवाएं वर्ना हाईकोर्ट इसकी आगे सुनवाई करेगा।
हाईकोर्ट ने ये भी कहा था कि किसी फैसले को चुनौती देने का मतलब यह नहीं है कि उस फैसले को लागू न किया जाए। इससे पहले अगस्त महीने में हाईकोर्ट ने सरकार को DA देने के आदेश के वक्त यह भी कहा था कि ये राशि देने तक सरकार प्रिंट और इंटरनेट विज्ञापनों पर पैसा खर्च न करे। (पढ़ें पूरी खबर)
4. केन्या में किडनैपर्स से छुड़ाया शख्स, फिरौती मांगी थी

अफ्रीकी देश केन्या में पाकिस्तान और केन्या के किडनैपर्स के चंगुल में फंसा जालंधर का व्यक्ति छूट गया है। व्यक्ति 21 सितंबर को घर लौट आया। आते ही उसने बेटी को गोद में उठाया और रोने लगा। इस व्यक्ति के साथ 3 व्यक्तिों को किडनैपर्स ने बंधक बना लिया था। फिर परिवार को उनकी फोटो भेजकर 58 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
भाजपा के राज्यसभा सांसद सतनाम संधू की मदद से उनकी रिहाई हुई। घर लौटने के बाद इस व्यक्ति राकेश कुमार ने किडनैपिंग से लेकर छूटने तक की पूरी कहानी बताई। उसने कहा कि उन्हें वैलिड वीजा पर इटली भेजने का वादा किया गया, लेकिन केन्या एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें टैक्सी में सुनसान जगह ले जाया गया।
जहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। किडनैपर्स में 3 पाकिस्तानी और 3 केन्या के नागरिक थे, जिनमें 2 लड़कियां भी शामिल थीं। उसे पता चला कि ये पाकिस्तान के खान बाबा गैंग के लोग हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
5. कांग्रेस बोली- पुलिसवालों को पहचान छुपाने को कहा

कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने दावा किया है कि पंजाब में 3 ASI के मर्डर के बाद पुलिसकर्मियों को भी पहचान छुपाने के लिए वर्दी न पहनकर ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पोस्ट की है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) कार्यालय की ओर से ये हिदायतें जारी की गई हैं।
इसमें अमृतसर देहात, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के SSP को पुलिस कर्मचारियों की निजी सुरक्षा, ड्यूटी पॉइंट और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। अधिकारियों को इन निर्देशों की सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा गया है।
ऑडियो में किसी महिला की आवाज है, जो अपने आप को पुलिस मुलाजिम ही बता रही है। वह कह रही है कि अधिकारियों से सभी पुलिसवालों को निर्देश मिले हैं कि वर्दी, बेल्ट, पहचान चिन्ह, पुलिस उपकरण या ऐसा कोई सामान प्रदर्शित नहीं करना है, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।
कर्मचारियों को निजी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और आने-जाने की दिनचर्या में संभव बदलाव रखने को कहा गया है। पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने भी ये ऑडियो पोस्ट की है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. रैपर बादशाह के शराब ब्रांड पर हनी सिंह का तंज

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक बार फिर से जुबानी जंग छिड़ गई है। सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने अपना नया गाना कासा टुपका एंथम रिलीज किया है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें हनी सिंह ने रैपर बादशाह पर निशाना साधा है।
अपने प्रीमियम शराब ब्रांड के प्रमोशनल गाने में हनी सिंह ने बादशाह के शराब ब्रांड को फ्लॉप बताते हुए तंज कसा। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि गाने में हनी सिंह बादशाह के लिए कह रहे हैं- तेरी वोडका कहां गई, बिकी नहीं? आजा मैं तुझे अपने यहां रख लेता हूं, सैलरी ले लियो।
दो दिन पहले रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब पर अब तक 21 मिलियन (2.1 करोड़) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। हालांकि, इसे लेकर अब तक रैपर बादशाह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. छात्रों ने टीचर का आपत्तिजनक वीडियो बनाया

बरनाला के भदौड़ स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों ने शिक्षक का आपत्तिजनक वीडियो बना दिया। छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर ये वीडियो बनाया। इस वीडियो को उन्होंने सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
शिक्षक ने तुरंत पुलिस से इसकी शिकायत की। मामले की जानकारी मिलते ही भदौड़ पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी हरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि शिक्षक की शिकायत पर तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार शिक्षक की छवि खराब करने के मकसद से यह AI वीडियो बनाया और फैलाया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
8. प्राइवेट पार्ट में लगाया नशे का इंजेक्शन

चंडीगढ़ को जहां एक तरफ नशे से मुक्त करने का अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे का इस्तेमाल नहीं रुक रहा। अब एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें 4 युवक जंगल जैसी जगह पर बैठे नशे के इंजेक्शन लगा रहे हैं।
यह वीडियो मनीमाजरा के मोरी गेट स्थित चिल्ड्रन पार्क का बताया जा रहा है। 1 मिनट 9 सेकेंड के वीडियो में एक युवक लाल रंग की शर्ट पहने दिखाई देता है। वह खड़ा होकर अपनी पैंट नीचे करता है। इसके बाद उसका एक साथी उसके प्राइवेट पार्ट में इंजेक्शन लगा देता है।
वीडियो में बाकी युवक भी उसके आसपास बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसकी जानकारी मनीमाजरा पुलिस तक भी पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने बताया कि उनकी अलग-अलग टीमों ने सोमवार रातभर कई जगहों पर छापे मारे। हालांकि, पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. सिंगर के घर फायरिंग करने वाले 3 शूटर गिरफ्तार

बरनाला पुलिस ने पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपी पंजाब के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। वारदात वाली रात वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे।
घटना 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। गांव फरवाही में सिद्धू के पैतृक घर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी।
इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके पीछे बैठे युवक ने भी फायरिंग की। जबकि बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वीडियो बनाई। इसमें बाइक पर 3 युवक घर के पास आते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. गहने और कैश लेकर भागी लुटेरी दुल्हन

लुधियाना में लुटेरी दुल्हन ससुराल से कैश और सोने के गहने लेकर फरार हो गई। युवती ने किसान परिवार को अपने जाल में फंसाया। उसकी ये तीसरी शादी थी। युवक की दिसंबर, 2025 में फेसबुक पर हरदीप कौर नाम की युवती से बातचीत शुरू हुई थी। युवती ने बताया कि वह कनाडा में रहती है और उसके पास पीआर है।
युवक और उसके परिवार को झांसे में लेने के लिए युवती ने पीआर कार्ड की कॉपी भी दिखाई और वादा किया कि शादी के बाद वह युवक को भी कनाडा ले जाएगी। परिवार ने इस रिश्ते को हां कर दी। बेटे की खुशी के लिए परिवार ने अपना एक प्लॉट 8 लाख रुपए में बेच दिया ताकि शादी में कोई कमी न रहे।
दोनों की शादी 8 अप्रैल, 2026 को हुई। शादी के बाद 11 अप्रैल 2026 को वह रस्मों के लिए अपने मायके (पेके) चली गई और फिर 14 अप्रैल को ससुराल से 80 हजार रुपए की नकदी लाखों रुपए के सोने के जेवर और कीमती सामान लेकर हमेशा के लिए रफूचक्कर हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)