September 1, 2026

बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें: नर्स से रेप-मर्डर में मैकेनिक अरेस्ट, महिला टीचर-पति को ट्रक ने रौंदा, डॉक्टर की AI से अश्लील तस्वीरें बनाईं - Bihar News

.

आज की सबसे बड़ी बांका से है। अन्वेषण ब्यूरो ने बांका के फुल्लीडूमर प्रखंड के BDO अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। औरंगाबाद में दिल्ली जैसी वारदात हुई है। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में चलती कार में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। वहीं, आरक्षण पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतनराम मांझी के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी और मांझी की बहू दीपा मांझी आमने-सामने हैं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. बांका में 75 हजार घूस लेते BDO गिरफ्तार

पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार की सुबह बांका में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम ने ये कार्रवाई बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित BDO के निजी आवास पर की। गिरफ्तारी के बाद टीम BDO और मौके पर मौजूद उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को बांका परिसदन (सर्किट हाउस) लेकर पहुंची, जहां दोनों से गहन पूछताछ की गई। पूरी खबर पढ़ें

2. 'शाही जिंदगी में रोहिणी गरीबों का दर्द नहीं समझ सकती'

आरक्षण पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतनराम मांझी के बाद लालू यादव की बेटी और मांझी की बहू आमने-सामने हैं। आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर रोहिणी आचार्य ने X पर एक पोस्ट किया। इस पर इमामगंज की विधायक दीपा मांझी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गरीबों और वंचितों को आरक्षण पर ज्ञान या उपदेश नहीं, बल्कि उनका हक और हिस्सा चाहिए। दीपा मांझी ने कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वालों को यह बताना चाहिए कि आज भी सबसे वंचित वर्गों तक आरक्षण का लाभ पूरी तरह क्यों नहीं पहुंच पाया है। पूरी खबर पढ़ें

3. पटना, बक्सर में तेज बारिश, 14 जिलों में अलर्ट

पटना, बक्सर, भोजपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। कई इलाकों में पानी भर गया है। बिहार में मौसम विभाग ने पटना समेत प्रदेश के 14 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है। वहीं, बाकी 24 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। ज्यादातर जिलों में तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर को भी बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें

4. नर्स से रेप-हत्या के आरोप में मैकेनिक अरेस्ट

हैदराबाद के एक निजी हॉस्पिटल की नर्स की रेप के बाद हत्या कर दी गई। इस मामले में तेलंगाना पुलिस ने बिहार के बेगूसराय के रहने वाले मोहम्मद सनाउल्लाह (34) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी तीन साल पहले हैदराबाद गया था, वहां बाइक मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था। घटना हैदराबाद के पहाड़ीशरीफ थाना क्षेत्र के थुक्कुगुड़ा इलाके की है। बताया जा रहा है कि आरोप पिछले 3 महीने तक नर्स की रेकी किया। फिर 29 अगस्त को जब नर्स हॉस्पिटल से घर लौटी तो उसके घर में ही वारदात को अंजाम दिया। पूरी खबर पढ़ें

5. .'तेजस्वी फिर से गुलछर्रे उड़ाने विदेश जाएंगे'

राजद इन दिनों बैठकें और संगठन को मजबूत करने की कवायद कर रहा है। इस बीच जदयू के विधायक श्याम रजक ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर प्रतिक्रिया दी है। श्याम रजक ने कहा कि तेजस्वी हमेशा विदेश यात्रा करते रहते हैं। अभी एक महीने का समय लेकर बिहार आएं हैं। एक महीने में सारे काम निपटाकर फिर विदेश में गुलछर्रे उड़ाने चले जाएंगे। एक समय था जब लालू प्रसाद यादव अकेले सत्ता संभालते थे, बेटे तेजस्वी ने पार्टी का क्या हाल कर दिया है, ये सब के सामने है। न पार्टी संभाल पा रहे और न परिवार। पूरी खबर पढ़ें

6. दिल्ली जैसी वारदात,छात्रा से चलती कार में गैंगरेप

बिहार के औरंगाबाद में दिल्ली जैसी वारदात हुई है। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में चलती कार में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। कार सवार 3 बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। बदमाश 6 घंटे बाद घर से एक किलोमीटर लड़की को छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की उम्र 15 साल है। वो 7वीं क्लास में पढ़ती है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान प्रिंस कुमार और रौशन कुमार के तौर पर हुई है। तीसरा आरोपी राजू कुमार उर्फ झूनू फरार है, जिसकी तलाश चल रही है। तीनों आरोपी की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें

7. महिला डॉक्टर बोली- साथी ने AI से अश्लील तस्वीरें बनाईं

मुजफ्फरपुर में एक महिला डॉक्टर ने अपने साथी डॉक्टर पर AI से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी तय होने के बाद डॉ. अजय कुमार ने रिश्ता तुड़वाने की कोशिश की। महिला डॉक्टर ने इसे लेकर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। डॉक्टर ने बताया कि उसने अजय कुमार के खिलाफ पहले भी पुलिस में शिकायत की थी। उस समय पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर बयान दिया था कि वह भविष्य में महिला डॉक्टर और उसके परिवार के किसी सदस्य से संपर्क नहीं करेगा। पूरी खबर पढ़ें

8. महिला टीचर और पति को ट्रक ने रौंदा, मौत

औरंगाबाद में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को रौंद दिया। दोनों ट्रक टायर के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान जोगड़ी गांव निवासी प्रहलाद पाल(48) और उनकी पत्नी उर्मिला कुमारी (45) के रूप में हुई है। उर्मिला मिडिल स्कूल अजनवां में सहायक टीचर के पोस्ट पर कार्यरत थीं। दंपती के 2 बेटे हिमांशु कुमार, रिशु कुमार और एक बेटी अंशु है। अंशु की नवंबर में शादी होनी है। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र की है। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। NH-19 जाम रहने के कारण कई गाड़ियां पडरिया रोड से होकर जा रही थीं। पूरी खबर पढ़ें

9. पुलिस बनकर शातिरों ने की लूट, पत्थर थमाकर हुए फरार

मुजफ्फरपुर में पुलिसकर्मी बनकर बाइक सवार 2 उच्चकों ने एक शख्स को लूट लिया। शातिरों ने एसपी के आदेश का हवाला देकर पहले बाइक सवार को रोक, फिर सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। जिसके बाद शातिरों ने जेवर को कागज में लपेटकर पीड़ित की बाइक की डिक्की में रखने का नाटक किया, फिर फरार हो गए। बाद में पीड़ित ने डिक्की खोली तो कागज के अंदर जेवर की जगह पत्थर का टूकड़ा मिला। पीड़ित अनिल कुमार सिंह, सरैया थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी हैं। पूरी खबर पढ़ें

10. 19 जिलों में कल बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी बुधवार को प्रदेश के 19 जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसने पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा समेत अन्य जिले शामिल हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा।