July 30, 2026

बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें: थानेदार से भिड़े प्रशांत किशोर, CJI बोले- मंत्री कैसे रह सकते हैं दीपक प्रकाश, जमीन विवाद में एसिट अटैक-4 झुलसे - Bihar News

.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। बांकीपुर सीट पर वोटिंग के दौरान आनंदपुरी इलाके में पीके के सामने जनसुराज और बीजेपी समर्थक भिड़ गए। प्रशांत किशोर ने दखल देकर मामले को शांत करवाया। वहीं सासाराम में पोस्टेड लघु जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने रेड की है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

01- बांकीपुर उपचुनाव- जनसुराज और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बांकीपुर सीट पर वोटिंग के दौरान आनंदपुरी इलाके में पीके के सामने जनसुराज और बीजेपी समर्थक भिड़ गए। प्रशांत किशोर ने दखल देकर मामले को शांत करवाया। वहीं प्रशांत किशोर ने दावा किया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंट को परेशान कर रही है। लोगों को पुलिस डरा रही है। जनसुराज के हेल्प डेस्क को हटाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें

02- वोटिंग से पहले जनसुराज के 20 नेता गिरफ्तार

बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हुई। वोटिंग से एक दिन पहले बुधवार को जनसुराज के 20 नेताओं को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नेताओं पर उपद्रवी होने और गलत बातें फैलाने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। अपनी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद प्रशांत किशोर जकनपुर थाने पहुंचे। थाने में वो SHO से भिड़ गए। पूरी खबर पढ़ें

03- दीपक प्रकाश ना MLA, ना MLC फिर भी मंत्री कैसे: SC

बिहार के मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से सवाल पूछा है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए कहा कि मंत्री दीपक प्रकाश न तो विधानसभा के सदस्य हैं और ना ही विधान परिषद के, लेकिन वो मंत्री के पद पर हैं। नियम के अनुसार मंत्री को 6 महीने के भीतर किसी एक सदन का सदस्य होना जरूरी है, लेकिन दीपक प्रकाश के मामले में इस नियम का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। पूरी खबर पढ़ें

04- एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के 6 ठिकानों पर EOU की रेड

सासाराम में पोस्टेड लघु जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर गुरुवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने रेड की है। अरविंद कुमार चौधरी के सासाराम वाले घर, ऑफिस, बांका, पटना, मुजफ्फरपुर में छापेमारी चल रही है। पटना में रेड के दौरान करोड़ों का फ्लैट, सोने-चांदी के गहने, जमीनों के पेपर्स और महंगी घड़ियां मिली हैं। पूरी खबर पढ़ें

05- लोकपाल भवन की ज्वाइंट स्क्रेटरी के घर फायरिंग

पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित बंपर टोला की जिटेन रेजिडेंसी में एक फ्लैट में फायरिंग का मामला सामने आया है। इस फ्लैट संख्या 301 में रीता सिंहा की फैमिली रहती है। उन्होंने दावा किया है कि उनके बेडरूम में गोली चली है, जिसके निशान कांच पर हैं। यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें

06- 13 धुर जमीन के विवाद में एसिट अटैक, 4 लोग झुलसे

समस्तीपुर में 13 धुर जमीन के विवाद एसिड अटैक का मामला सामने आया है। जिसमें चार लोग घायल हो गए। एक की हालत नाजुक बनी हुई है, इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना चकमहेसी थाना क्षेत्र के माली नगर वार्ड-12 की है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान जगत सिंहपुर गांव निवासी रामचंद्र राय के पुत्र प्रवीण नारायण के तौर पर हुई है। पूरी खबर पढ़ें

07- विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में लगा शिव भक्तों का तांता

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का आज(30 जुलाई 2026) पहला दिन है। सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम घाट पर कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। अब तक 1 लाख से ज्यादा शिवभक्तों ने उत्तर वाहिनी गंगा में स्नान कर कांवड़ में पवित्र जल भरकर देवघर के लिए रवाना हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें

08- जेडीयू विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

किशनगंज के ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के JDU विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। साथ ही, सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इस मामले में उन्होंने ठाकुरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें

09- चोर का पीछा करते पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

पटना के बिहटा में पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए पावर ग्रिड से तांबे का तार चोरी कर रहे एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से तीन किलो से ज्यादा तांबे का तार बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिशंभरपुर गांव निवासी अभिषेक चौधरी के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें

10- बिहार के 26 जिलों में कल बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने कल यानी शुक्रवार को बिहार के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना समेत गया, नालंदा और नवादा में मौसम सामान्य रहेगा। इन जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।