.
आज की सबसे बड़ी खबर रक्सौल से है। रक्सौल के भारत-नेपाल सीमा पर एक उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया गया। पटना के लोग आज से 1200 फीट की ऊंचाई से आसमान से शहर का नजारा देख सकेंगे। वहीं, समस्तीपुर में ASI बबलू कुमार प्रसाद(50) की थाने में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. रक्सौल बॉर्डर से उजबेकिस्तान की महिला गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल के मैत्री पुल से एक उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार की शाम SSB ने रूटीन जांच के दौरान उसे पकड़ा। वो अवैध तरीके से नेपाल जाने की कोशिश में थी। जांच में पता चला कि वह भारत में बिना वैध वीजा के रह रही थी। साथ ही पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रही थी। गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान निवासी बोजोरोवा शकरजोंन (32) के रूप में हुई है। उसका पासपोर्ट सं- FA0742942 अक्टूबर 2029 तक वैध है, जबकि उसका वीजा एक्सपायर हो चुका है। पूरी खबर पढ़ें

2. हेलिकॉप्टर से 21 सौ रुपए में देखिए पटना का एरियल व्यू
पटना के लोग आज से 1200 फीट की ऊंचाई से आसमान से शहर का नजारा देख सकेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' की शुरुआत की। अब तक करीब 80 पर्यटकों ने एयर राइड के लिए सीटें बुक कराई हैं। हालांकि, पहले दिन पटना जॉय राइड का आनंद सिर्फ 20 लोग ही ले पाए। 3.40 बजे पहली राइड में 6 लोगों को लेकर हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी। सीएम सम्राट चौधरी ने खुद अपने हाथों से टूरिस्ट को टिकट सौंपी। साथ ही हेलिकॉप्टर के पायलट को बैच पहनाया। बता दें हर 30 मिनट के अंतराल पर 4 राइड संचालित की जाएंगी। पूरी खबर पढ़ें
3. दरोगा ने शादी का झांसा देकर किया लड़की का यौन शोषण
जमुई के चंद्रदीप थाना में पोस्टेड दारोगा कुंदन कृष्णा पर मुंगेर की महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार की शाम पीड़िता ने SP को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दारोगा ने अफेयर के बाद उसके साथ मंदिर में शादी की। 6 महीने तक अलग-अलग होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद इंटरकास्ट होने की वजह से वो उसे साथ रखने से इनकार कर रहा है। भास्कर ने दरोगा से भी बात की। उसने फेसबुक से दोस्ती होने की बात तो मानी, लेकिन शादी की बात वो टालता रहा। पूरी खबर पढ़ें
4. बिहार के कारोबारी ने परिवार समेत की खुदकुशी
छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक परिवार के 5 लोगों का शव मिला है। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में शुक्रवार रात बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक कारोबारी बिहार के रहने वाला था। बताया जा रहा है कि कमरे से बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें

5. थाने में लटकी मिली ASI की बॉडी, खुदकुशी की आशंका
समस्तीपुर में ASI बबलू कुमार प्रसाद(50) की थाने में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव शनिवार सुबह थाने के तीसरे फ्लोर पर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र की है। बबलू कुमार प्रसाद डायल-112 में सहायक अवर निरीक्षक की पोस्ट पर थे। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। पूरी खबर पढ़ें
6. जवान ने शादी का वादा कर BPSC टीचर से किया रेप
बेगूसराय के एक स्कूल में पोस्टेड BPSC टीचर ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में तैनात CRPF जवान पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। शिकायत करने वाली युवती गयाजी की है, जबकि आरोपी पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र का रहने वाला है। युवती का आरोप है कि दो महीने से न्याय की मांग को लेकर बिहार से लेकर झारखंड के थानों का चक्कर काटने के बाद आखिरकार 13 जुलाई को पटना के अथमलगोला थाने में FIR दर्ज की गई। 5 सितंबर 2025 को पटना के महावीर मंदिर में सगाई हुई थी। इसके बाद आरोपी ने कभी पटना तो कभी और जगह बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। पूरी खबर पढ़ें
7. नेपाल में बारिश के बाद बिहार में मंडराया बाढ़ का खतरा
नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से कोसी नदी उफान पर है। कोसी बराज से पानी छोड़ने के बाद दरभंगा में 20 से ज्यादा गांव डूब चुके हैं। 6 गांव टापू बन चुके हैं। इन गांवों में नाव चल रही है। सड़क से संपर्क टूट गया है। गांवों का सड़क से संपर्क टूटने से हजारों लोग घरों में फंसे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बाजार जाने, मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके लिए नाव संचालक प्रति व्यक्ति 40 रुपए किराया वसूल रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

8. 14.67 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह पकड़ाया
बिहार में साइबर अपराध के खिलाफ साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर ठगी से जुटाए रकम को बैंक खातों के जरिए ठिकाने लगाने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में साइबर थाना, पटना की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंकड़बाग निवासी गौतम गंभीर, रामकृष्णा नगर निवासी तनय सिंह, नालंदा के हिलसा निवासी सुमित राज और कंकड़बाग के रामलखन पथ निवासी विवान सिंह के रूप में हुई है। साइबर थाना इस संबंध में केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। पूरी खबर पढ़ें
9. ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों की पूजा कर जताया विरोध
सीवान के आंदर प्रखंड के अर्कपुर गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो महीनों से जर्जर बिजली तार के कारण विद्युत आपूर्ति में हो रही दिक्कत से लोगों को परेशानी थी। वहीं पिछले एक सप्ताह से पड़ रहे भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। कई बार शिकायत के बाद जब विभाग की ओर से कर्मी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका विरोध करने के बजाय उन्हें "भगवान" मानकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़ें
10. कल बिहार के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी रविवार को बिहार के 17 जिलों में बारिश का ऑरेंज, जबकि 20 में यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। दक्षिण और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में ज्यादा असर देखने को मिलेगा।