भोपाल16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नशा मुक्ति का संकल्प कराते सीएम डॉ मोहन यादव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नशे से मुक्त करने के लिए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की है। इस अवसर पर भोपाल स्थित मैनिट (MANIT) सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खेल मंत्री विश्वास सारंग और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा विशेष रूप से शामिल हुए।
सीएम बोले- पहले गली चौराहों में दिखतीं थी सिगरेट की गुमटियां
सीएम डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 10-15 साल पहले तक हर चौराहे पर पान, बीड़ी और सिगरेट की दुकानें तथा गुमटियां दिखती थीं। समय के साथ इन दुकानों का दायरा तो कम हुआ है, लेकिन अब दूसरे प्रकार का नशा बढ़ गया है। आज के दौर में हमें सभी प्रकार के नशे के खिलाफ एकजुट होकर अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम डॉ मोहन यादव।
राज्य सरकार के सख्त कदम और सामाजिक संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनते ही प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की गई है और ड्रग तस्करों पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। मध्य प्रदेश पुलिस ने हाल ही में नशे के खिलाफ एक महीने का विशेष अभियान भी चलाया है।
शराब के विवाद में दो भाइयों की चाकूबाजी का उदाहरण देते हुए सीएम ने कहा कि नशा घर बर्बाद कर देता है, इसलिए युवाओं को नशा छोड़कर सकारात्मक जीवन चुनना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान
अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे को समाज और देश के भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। पीएम मोदी ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल एक सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि इसे देश के हर नागरिक की सहभागिता से एक 'जन आंदोलन' बनना होगा।
सामूहिक प्रयासों में बहुत ताकत होती है और देश भर के लाखों युवाओं द्वारा लिया गया यह संकल्प अगले 100 हफ्तों तक लगातार आगे बढ़ता रहेगा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा हो सकता है जब देश का युवा वर्ग स्वस्थ, जागरूक और नशे से पूरी तरह दूर रहे।
उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के युवाओं को जागरूक करें, उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताएं और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें।
.