July 28, 2026

रेरा बिहार ने जारी की नई रैंकिंग, ग्रैंड सफायर बना नंबर-1 प्रोजेक्ट, एम्बिशन होम्स शीर्ष प्रमोटर

PATNA: बिहार भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने सोमवार को राज्य की निबंधित रियल एस्टेट परियोजनाओं और प्रमोटरों (बिल्डरों) की नवीनतम रैंकिंग जारी कर दी। रेरा की यह छठी रैंकिंग है, जिसमें परियोजनाओं और प्रमोटरों का मूल्यांकन निर्माण की प्रगति, समयबद्ध कार्य, वित्तीय पारदर्शिता और शिकायतों सहित विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया है। 

निबंधित प्रोजेक्ट्स के कार्य प्रगति एवं अन्य मापदंडों के आधार पर किये गए रैंकिंग में प्रथम तीन स्थान क्रमशः ग्रैंड  सफायर, शिव घराना एवं नवनीत घराना प्रोजेक्ट्स को प्राप्त हुआ है। नवीनतम सूची 31 जनवरी, 2026 तक जमा कराए गए तिमाही प्रगति प्रतिवेदनों में उपलब्ध आँकड़ों को ध्यान में रख कर तैयार की गयी  है।  परियोजनाओं की रैंकिंग को बिहार रियल एस्टेट प्रोजेक्ट कोशेंट (BRQ) का नाम दिया गया है और इसमें अंको का निर्धारण निर्माण की गति, एकत्र की गई धनराशि के उपयोग तथा परियोजना के प्रमोटर के विरुद्ध दर्ज शिकायत के मामलों की संख्या आदि के आधार पर किया गया है।

उसी प्रकार प्रमोटरों की नवीनतम रैंकिंग में प्रथम तीन स्थान पाने वाले प्रमोटर क्रमशः एम्बिशन होम्स, कुमार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड एवं घराना एसोसिएट इन्फ्रा प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड हैं। प्रमोटरों के रैंकिंग करते समय उनके द्वारा पूरे किये प्राजेक्ट्स की संख्या, निर्माण का क्षेत्रफल, परियोजनाओं के कार्यों के समयबद्ध रूप से पूर्ण होने एवं उन पर दायर वादों की संख्या आदि के आधार पर अंक प्रदान किये गए हैं । प्रमोटरों की रैंकिंग की बिहार रेरा प्रमोटर्स कोशेंट (BPQ) का नाम दिया गया है । 

ताज़ा रैंकिंग इस श्रृंखला की छठी रैंकिंग है। इसकी शुरुआत जुलाई, 2024 में हुई थी, जब पहली सूची जारी की गई थी। देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित प्राधिकरणों में रेरा बिहार इस प्रकार की रैंकिंग जारी करने वाला पहला प्राधिकरण है। यहाँ यह बताना आवश्यक है कि प्राधिकरण ने जुलाई–सितम्बर, 2025  तिमाही से तिमाही प्रगति प्रतिवेदन भरने हेतु एक नई व्यवस्था लागू की है। प्रमोटरों को अब सभी सूचनाएँ रेरा पोर्टल पर दिए गए प्रारूप में डायनामिक रूप से भरनी होती हैं। नई व्यवस्था के लागू होने से अब सभी तिमाही प्रगति प्रतिवेदन (क्यूपीआर) एक ही प्रारूप में जमा होते हैं, जिससे प्रतिवेदनों के आधार पर रैंकिंग करना सरल हो गया है तथा जिन ग्राहकों ने किसी परियोजना में बुकिंग कराई है, उन्हें भी क्यूपीआर देखने में सुविधा होती है।

ध्यान देने योग्य यह भी है कि पीछे के रैंकिंग से प्राप्त अनुभव एवं हितधारकों से प्राप्त सुझाओं के आलोक में रैंकिंग में इस्तेमाल होने वाले मानकों को भी परिशोधित किया गया है ताकि यह वास्तविक तस्वीर को और अधिक अच्छे से दिखा सके। नवीनतम BRQ के अनुसार शीर्ष पंद्रह परियोजनाओं के नाम तथा BPQ के अनुसार शीर्ष पंद्रह प्रमोटरों के नाम संलग्न चार्ट में दिए गए हैं। परियोजनाओं और प्रमोटरों की रैंकिंग का पूर्ण विवरण रेरा बिहार की वेबसाइट https://rera.bihar.gov.in पर देखा जा सकता है।

नवीनतम रैंकिंग तथा BRQ एवं BPQ डेटा जारी करते हुए रेरा बिहार के अध्यक्ष श्री विवेक कुमार सिंह ने कहा कि प्रमोटरों एवं परियोजनाओं की रैंकिंग की शुरुआत करने के बाद अब क्यूपीआर जमा करने की प्रक्रिया को भी और अधिक व्यवस्थित कर दिया गया है, ताकि प्रमोटर इसे आसानी से भर सकें एवं घर खरीदने वाले प्रगति प्रतिवेदन को सरलता से समझ सकें। उन्होंने  यह भी बताया कि मानकों का परिशोधन काफी सोच विचार कर किया गया है एवं इनके लागू करने से पहले प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने इनपर विस्तृत गहन के बाद इन्हें अंतिम रूप  दिया। 

रेरा अध्यक्ष ने आम लोगों से यह अपील भी की कि जिन लोगों ने किसी निबंधित परियोजना में बुकिंग कराई है, वे अपने तथा परियोजना से संबंधित कुछ आवश्यक सूचनाएँ रेरा बिहार की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराकर अपनी परियोजना के क्यूपीआर का सारांश घर बैठे अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर सकते हैं। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि रेरा बिहार की वेबसाइट के नए संस्करण में परियोजनाओं एवं प्रमोटरों की रैंकिंग को ‘आम लोग (For The Public)’ खंड में रखा गया है, ताकि घर की बुकिंग करने से पूर्व लोग रैंकिंग में दी गई जानकारी का लाभ उठा सकें।

नवीनतम BRQ के अनुसार शीर्ष पंद्रह परियोजनाएँ

रैंक    परियोजना का नाम

1    ग्रैंड  सफायर 

2    शिव घराना 

3    नवनीत घराना 

4    ऍमबिशन पैराडाइस 

5    सुमित्रा एन्क्लेव  

6    दी एम्परर 

7    उर्मिला एन्क्लेव 

8    माँ लक्ष्मी हेरिटेज 

9    काज़मी घराना 

10    क्रिस्टल टावर 

11    सनराइज रश्मि हाइट 

12    सूर्य सिग्नेचर 

13    ओर्बिटो/ऑर्बिट

14    सनराइज अशोका काम्प्लेक्स 

15    लोटस प्लाजा   

नवीनतम BPQ के अनुसार शीर्ष पंद्रह प्रमोटर

रैंक    प्रमोटर का नाम

1    एम्बिशन होम्स

2    कुमार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड 

3    घराना एसोसिएट इन्फ्रा प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड 

4    सनराइज साईं डेवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड

5    दीपश्री प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड

6    एस के बिल्डर्स एंड कोलोनिज़ेर प्राइवेट लिमिटेड 

7    अपर्णा आर्किटेक्ट  प्राइवेट लिमिटेड

8    दीप शीतल इंजीनीयर्स  प्राइवेट लिमिटेड 

9    सूर्या  नेस्टबिल्ड लिमिटेड 

10    साईं कृपा रियल एस्टेट  प्राइवेट लिमिटेड  

11    हीरा पन्ना इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड 

12    वीनस स्तर कंस्ट्रक्शन  प्राइवेट लिमिटेड 

13    दुर्गा अर्बन प्रोजेक्ट्स एल एल पी 

14    मुंडेश्वरी  मल्टीकॉन प्राइवेट लिमिटेड 

15    नूतन कंस्ट्रक्शन