October 3, 2026

कोल इंडिया के 1.96 लाख कर्मियों को 1.10 लाख से अधिक बोनस

धनबाद. कोल इंडिया के करीब 1.96 लाख गैर-कार्यकारी कर्मियों के वर्ष 2026 के सालाना बोनस यानी प्रदर्शन आधारित पुरस्कार (PLR) की राशि तय हो गयी है. कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता में शुक्रवार को हुई एपेक्स जेसीसी की बैठक में 2026 के लिए 1,10,250 रुपये PLR पर सहमति बनी. बैठक में यूनियन ने 1.20 लाख रुपये की मांग रखी थी, जबकि प्रबंधन की ओर से 1.08 लाख रुपये का आंकड़ा रखा गया था. दोनों पक्षों के बीच चर्चा और कैलकुलेशन के बाद 1,10,250 रुपये की राशि पर अंतिम सहमति बनी.

प्रतीकात्मक फोटो
प्रतीकात्मक फोटो

सीआईएल एपेक्स जेसीसी के यूनियन प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक सुबह 11.30 बजे चेयरमैन बी साईराम की अध्यक्षता में शुरू हुई. बैठक में प्रबंधन की ओर से लेबर कोड, खासकर ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSH) Code-2020 पर पावर प्रेजेंटेशन भी दिया गया.

ये भी पढ़ें: धनबाद में 7 जिलों के SP के साथ IG की हाईलेवल बैठक, संगठित अपराध पर लगाम लगाने सहित लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

OSH Code-2020 पर प्रबंधन ने दिया प्रेजेंटेशन

बैठक की शुरुआत में प्रबंधन की ओर से व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों से संबंधित OSH Code-2020 पर पावर प्रेजेंटेशन दिया गया. इस दौरान कोड के प्रावधानों और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. इसके बाद बैठक में लंच ब्रेक हुआ. करीब तीन बजे बैठक दोबारा शुरू हुई.

बैठक के दूसरे चरण में श्रमिक संगठनों और प्रबंधन के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ गैर-कार्यकारी कर्मियों के वर्ष 2026 के PLR की राशि को लेकर आंकड़ों का कैलकुलेशन किया गया. इसके बाद 1,10,250 रुपये की राशि पर सहमति बनी.

1.96 लाख कर्मियों को मिलेगा 1,10,250 रुपये PLR

एक अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार कोल इंडिया में 1,96,753 गैर-कार्यकारी कामगार कार्यरत हैं. इनके लिए वर्ष 2026 के PLR की राशि निर्धारित की गयी है. पिछले वर्ष गैर-कार्यकारी कर्मियों को 1.03 लाख रुपये PLR मिला था.

इस बार यूनियन की ओर से 1.20 लाख रुपये PLR की मांग रखी गयी थी, जबकि प्रबंधन 1.08 लाख रुपये के आंकड़े पर था. चर्चा के बाद दोनों पक्ष 1,10,250 रुपये PLR पर सहमत हुए.

पिछले छह वर्षों में 41,750 रुपये बढ़ा PLR

कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मियों के PLR में पिछले छह वर्षों में लगातार बढ़ोतरी हुई है.

वर्षPLR
202068,500 रुपये
202172,500 रुपये
202276,500 रुपये
202385,000 रुपये
202493,750 रुपये
20251,03,000 रुपये
20261,10,250 रुपये

2020 में 68,500 रुपये रहे PLR की राशि 2026 में बढ़कर 1,10,250 रुपये हो गयी. यानी इस अवधि में PLR में कुल 41,750 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. पिछले वर्ष के 1,03,000 रुपये की तुलना में इस बार PLR में 7,250 रुपये की वृद्धि हुई है.

चार केंद्रीय यूनियनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में बीएमएस, एचएमएस, एटक और सीटू के प्रतिनिधि शामिल रहे. पिछले वर्ष PLR निर्धारण की प्रक्रिया में पांच केंद्रीय श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, जिनमें इंटक भी था. इस बार इंटक को बैठक का निमंत्रण नहीं मिला था.

ये भी पढ़ें: WATCH VIDEO: जयराम महतो को मिली PhD की उपाधि, जितिया के दिन मां की मौजूदगी ने उपलब्धि को बनाया खास

बैठक में बीएमएस की ओर से केएल रेड्डी, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डी.डी. रामानंदन और एटक से लखनलाल महतो मौजूद रहे. प्रबंधन की ओर से निदेशक मार्केटिंग सह प्रभारी निदेशक मानव संसाधन मुकेश चौधरी और निदेशक वित्त मुकेश अग्रवाल बैठक में शामिल रहे.

इंटक की हाईकोर्ट याचिका नहीं हुई थी लिस्ट

PLR वार्ता में अपने प्रतिनिधि को शामिल कराने की मांग को लेकर इंटक ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. शनिवार को भी इंटक की यह याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो सकी थी.

इंटक की ओर से अपने प्रतिनिधि को PLR से संबंधित बैठक में शामिल कराने की मांग की जा रही थी. हालांकि, अब PLR की राशि तय हो गयी है.

सेवानिवृत्त कर्मियों को भी मिलेगा लाभ

PLR के फैसले का लाभ निर्धारित नियमों के अनुसार सेवानिवृत्त कर्मियों को भी मिलेगा. एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए करीब 8,351 कोलकर्मियों को भी इसका लाभ मिलने की बात कही गयी है. इसके अलावा सिंगरैनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (SCCL) के करीब 32 हजार कर्मियों के लिए भी PLR का प्रावधान है.

ये भी पढ़ें: WATCH VIDEO वासेपुर गोलीकांड: 22 साल बाद आया फैसला, फहीम खान के घर पर AK-47 से हुई फायरिंग की पूरी कहानी

कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मियों के लिए वर्ष 2026 का PLR अब 1,10,250 रुपये तय हो गया है. यूनियन की 1.20 लाख रुपये की मांग और प्रबंधन के 1.08 लाख रुपये के आंकड़े के बीच चर्चा के बाद अंतिम राशि पर सहमति बनी.