राजधानी जयपुर में बिना लाइसेंस दवाओं की खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने चित्रकूट इलाके में एक गोदाम पर कार्रवाई कर करीब 1.40 लाख रुपये की दवाएं जब्त की हैं। गोदाम में दवाएं रखने और बेचने का लाइसेंस नहीं मिला।
कार्रवाई के दौरान Phenobarbitone वाली GARON-100 टैबलेट भी मिली। यह ऐसी दवा है, जिसमें NDPS के तहत आने वाला घटक होता है। टीम ने गोदाम से दवाओं के बिल, इनवॉइस, रसीद बुक और दूसरे कागजात भी लिए हैं। इन कागजातों की जांच में अलग-अलग कंपनियों के नाम और दवा कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली है।
विज्ञापन
बिना लाइसेंस रखी और बेची जा रही थीं दवाएं
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में बिना लाइसेंस दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने जब गोदाम की जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में दवाएं रखी मिलीं। वहां दवाओं को बेचने का वैध लाइसेंस भी नहीं दिखाया गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दवाएं बिना सही व्यक्ति के हस्ताक्षर और जरूरी कागजात के बेची जा रही थीं।
यह भी पढें- Jaipur: डांगावास हत्याकांड पर गरमाई सियासत, सभी 40 आरोपियों के बरी होने पर भीम आर्मी ने उठाए सवाल, धरना दिया
अलग-अलग कंपनियों के नाम से मिले बिल
जांच में पता चला कि पहले इस जगह से आरोग्यधाम मेडि हेल्थ एंड वेलनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, झोटवाड़ा के लिए काम किया जा रहा था। सितंबर 2024 से यहां Aryan Wellness Private Limited, गुरुग्राम के जरिए काम किए जाने की जानकारी मिली। टीम को अलग-अलग कंपनियों के नाम से बने बिक्री बिल, इनवॉइस और रसीद बुक मिली हैं। इन सभी कागजात की जांच की जा रही है।
तीन दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे
विभाग की टीम ने दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए तीन दवाओं के सैंपल लिए हैं। इनमें Gabanyl-300, Telmevas-H और Trueclam 625 शामिल हैं। इन सैंपल को सील कर जांच के लिए सरकारी दवा जांच लैब भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन दवाओं की गुणवत्ता सही है या नहीं, इसका पता लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल जब्त दवाओं और मिले कागजात की जांच जारी है। विभाग का कहना है कि बिना लाइसेंस दवाएं रखने या बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।