Virat Kohli: आईसीसी की ताजा रैंकिंग में विराट कोहली ने छलांग लगाई है. अब वह दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बनने से सिर्फ एक कदम दूर रह गए हैं. तिरुवनंतपुरम में कोहली ने 139* रनों की पारी खेली थी.
Written By : मोहम्मद अलफैज | Updated at : 30 Sep 2026 04:01 PM (IST)

Virat Kohli Latest ICC ODI Ranking
Source : @ICC
विराट कोहली ने बीते रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में नाबाद 139 रनों की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 88 गेंदों का सामना किया था. उनके बल्ले से 10 चौके और 9 छक्के निकले थे. कोहली का स्ट्राइक रेट 157.95 का रहा था. इस पारी ने कोहली को रैंकिंग में बड़ा फायदा पहुंचाया है. अब वह वनडे में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बनने से सिर्फ एक कदम दूर रह गए हैं.
बुधवार (30 सितंबर) को जारी हुई ताजा वनडे रैंकिंग में किंग कोहली ने एक पायदान की छलांग लगाई. वह 796 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल रैंकिंग में 816 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं. एक या दो और अच्छी पारी खेलकर कोहली आसानी से रैंकिंग में गिल को पछाड़ सकते हैं.
Batters have enjoyed ICC ODI Batting Rankings climbs with runs flowing in the 50-over game 👇https://t.co/pe9539amMX
— ICC (@ICC) September 30, 2026
अगर कोहली रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बन जाते हैं, तो यह पहला मौका नहीं होगा, बल्कि इससे पहले भी वनडे की रैंकिंग में वह काफी वक्त तक अव्वल बल्लेबाज रह चुके हैं. न सिर्फ वनडे में बल्कि एक वक्त ऐसा भी था कि जब कोहली टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल, तीनों फॉर्मेट की रैकिंग में टॉप पर थे.
रोहित शर्मा भी टॉप-5 में शामिल
वनडे की बैटिंग रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल रहा है. टॉप-5 में तीन भारतीय बल्लेबाज मौजूद हैं. 794 रेटिंग के साथ तीसरे पायदान पर न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल हैं. इसके बाद भारत के पूर्व वनडे कप्तान रोहित शर्मा 753 रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर नजर आते हैं. अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 719 रेटिंग के साथ पांचवें पायदान पर हैं.
टॉप-10 में सिर्फ एक पाकिस्तानी
टॉप-5 से आगे बढ़कर टॉप-10 पर नजर डाली जाए, तो यहां सिर्फ एक पाकिस्तानी बल्लेबाज नजर आता है. बाबर आजम 689 रेटिंग के साथ छठे पायदान पर हैं. इसके बाद श्रीलंका के कुसल मेंडिस सातवें, वेस्टइंडीज के शाई होप आठवें, इंग्लैंड के जो रूट नौवें और आयरलैंड के हैरी टेक्टर दसवें पायदान पर हैं.
यह भी पढे़ं: भारत के लिए खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर, आकिब नबी खास लिस्ट में शामिल
Published at : 30 Sep 2026 04:01 PM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola